Ranchi News: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राजधानी रांची के तीन प्रमुख बस टर्मिनलों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने का निर्देश दिया है। इस कार्य के लिए कुल 47.72 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। इस राशि से आईटीआई बस स्टैंड, सरकारी बस डिपो और बिरसा मुंडा बस टर्मिनल का जीर्णोद्धार किया जाएगा।
आईटीआई बस स्टैंड के लिए 24.77 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। यह टर्मिनल 3 एकड़ में फैला है। यहां 416 बसों के रोजाना संचालन की योजना है। यात्रियों के लिए प्रतीक्षालय, शौचालय, पेयजल, रेस्टोरेंट, टिकट काउंटर, डोरमेट्री, गार्ड रूम और पार्किंग जैसी सुविधाएं होंगी।
सरकारी बस डिपो के लिए 20.19 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। 2.3 एकड़ में बने इस टर्मिनल में 512 बसों का संचालन संभव होगा। इसमें भी रेस्टोरेंट, फूड कियोस्क, शेडयुक्त बस वे, मेंटेनेंस एरिया, गेस्ट हाउस और सभी यात्री सुविधाएं मौजूद रहेंगी।
बिरसा मुंडा बस टर्मिनल खादगढ़ा में बिना मौजूदा ढांचे को हटाए, 3.76 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाएं जोड़ी जाएंगी। इसमें 31 स्मार्ट बस वे, 89 बस और 70 कार पार्किंग, डोरमेट्री, गेस्ट हाउस और हाईमास्ट लाइट जैसी सुविधाएं शामिल होंगी।
नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार के निर्देश पर जुडको को टेंडर प्रक्रिया जल्द शुरू करने के लिए कहा गया है।












