Bihar: पटना में बम धमाके की धमकी, बिहार विधानसभा और सिविल कोर्ट को 13 RDX से उड़ाने का ईमेल
Bihar: बिहार की राजधानी पटना में एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियों पर सवाल खड़े हो गए हैं। पटना सिविल कोर्ट और बिहार विधानसभा को बम से उड़ाने की एक सनसनीखेज धमकी मिली है। एक ईमेल के जरिए दावा किया गया है कि विधानसभा परिसर में 13 RDX IED लगाए गए हैं, जो दोपहर 2:15 बजे ब्लास्ट के लिए तैयार हैं।
ईमेल में क्या लिखा है?
वायरल हो रहे ईमेल में गंभीर चेतावनी दी गई है। पत्र में लिखा है:
“बिहार विधानसभा भवन में ठीक 2:15 PM बजे सायनाइड गैस के साथ मिलाए गए 13 RDX IED धमाके के लिए तैयार हैं। धमाके से पहले सभी विधायकों और आम जनता को वहां से तुरंत निकालें।”
ईमेल में आगे बांग्लादेश के अबू सईद मामले और तमिलनाडु के साथनकुलम में बेनिक्स-अजित कुमार कस्टोडियल डेथ मामलों का जिक्र करते हुए पुलिस सुधार की मांग की गई है।
सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई
धमकी भरा ईमेल मिलने के तुरंत बाद पीरबहोर थानेदार सज्जाद गद्दी ने पुष्टि की कि कोर्ट परिसर में सर्च ऑपरेशन जारी है। हालांकि, अदालती कामकाज को रोका नहीं गया है। विधानसभा और कोर्ट कैंपस में चप्पे-चप्पे की तलाशी ली जा रही है ताकि किसी भी घटना को टाला जा सके।
वकीलों में भारी आक्रोश
पटना सिविल कोर्ट को बार-बार मिल रही धमकियों से अधिवक्ताओं में काफी नाराजगी है। अधिवक्ता ऋषिकेश नारायण सिंह ने कहा कि यह पुलिस की विफलता है कि बार-बार ऐसी धमकियां आ रही हैं और दोषियों पर ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। अधिवक्ता अंशुमान ने मांग की है कि कोर्ट को इस मामले में स्वतः संज्ञान लेना चाहिए और पुलिस से अब तक की गई कार्रवाई की रिपोर्ट मांगनी चाहिए।
हाल के दिनों में पटना में धमकियों का सिलसिला बढ़ा है। हालांकि दिल्ली पुलिस ने पूर्व में एक आरोपी को गिरफ्तार किया था, लेकिन इस नई धमकी ने सुरक्षा व्यवस्था पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं।













