Ranchi: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने भाजपा पर करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को यह समझ लेना चाहिए कि अब जनता उनके धनबल, ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स जैसे हथकंडों से डरने वाली नहीं है।
पटना रैली से भाजपा में मचा हड़कंप
विनोद पांडेय ने कहा कि पटना की ऐतिहासिक रैली में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने साफ कर दिया कि अगर वे जेल से बाहर रहते तो भाजपा झारखंड में लोकसभा चुनाव में खाता भी नहीं खोल पाती। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह बयान विपक्ष की ताकत और भाजपा के भय को उजागर करता है।
उन्होंने कहा कि 2024 विधानसभा चुनाव में जनता ने इंडिया गठबंधन और हेमंत सोरेन के नेतृत्व को पूर्ण बहुमत से आशीर्वाद दिया। आज झामुमो सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतार रही है और यही बात भाजपा को पच नहीं रही है।
भाजपा की साजिश बेनकाब
पांडेय ने आरोप लगाया कि भाजपा लगातार आदिवासी, दलित, किसान और पिछड़े वर्गों की आवाज को दबाने की साजिश कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा झूठे आरोपों और शब्दों की तोड़मरोड़ कर सियासत कर रही है, जबकि जनता अब पूरी तरह जागरूक है।
शिबू सोरेन की विरासत और कांग्रेस-झामुमो गठबंधन
विनोद पांडेय ने कहा कि आदरणीय शिबू सोरेन की विरासत हमेशा संघर्ष और बलिदान की रही है। कांग्रेस और झामुमो का गठबंधन लोकतंत्र और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए है। इसके विपरीत भाजपा लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और खरीद-फरोख्त की राजनीति में लिप्त है।
झारखंडी अस्मिता पर सवाल
उन्होंने कहा कि भाजपा को झारखंडी अस्मिता की बात करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। हेमंत सोरेन का नेतृत्व झारखंड की अस्मिता और हक की रक्षा का प्रतीक है। जनता सब समझ रही है और आने वाले समय में भाजपा को मुंहतोड़ जवाब देगी।












