Jharkhand News: मैथन में आसनसोल रेल मंडल की टीम ने शनिवार को कुमारधुबी क्षेत्र के शिवलीबाड़ी मुंडाधौड़ा में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाते हुए रेलवे किनारे बसे लगभग 40 घरों को ढहा दिया। इस कार्रवाई से करीब ढाई सौ की आबादी प्रभावित हुई है।
सुबह से शुरू हुआ अभियान शाम पांच बजे तक चला। तीन जेसीबी मशीनों से कार्रवाई की गई। ज्यादातर घर मिट्टी के बने होने के कारण तोड़फोड़ में टीम को ज्यादा मशक्कत नहीं करनी पड़ी। प्रभावित लोग अब पड़ोसियों के घरों और सामुदायिक भवनों में शरण लिए हुए हैं।
इससे पहले शुक्रवार की शाम रेल प्रशासन ने माइक से चेतावनी देकर लोगों को स्वयं अपना सामान हटा लेने को कहा था। कार्रवाई से पूर्व अधिकांश लोगों ने जरूरी सामान निकाल लिया था।
रेलवे पहले भी इस इलाके में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर चुका है। छह–सात घर पहले ही गिरा दिए गए थे। विस्थापित ग्रामीणों ने धनबाद डीसी को पत्र लिखकर पुनर्वास की मांग की थी। डीसी के निर्देश पर एग्यारकुण्ड सीओ ने भूमि आवंटन की पहल भी की थी, लेकिन अब तक ग्रामीणों का पुनर्वास नहीं हो पाया।
अभियान की कमान आसनसोल रेल डिविजन के अधिकारी शिव कुमार ने संभाली। मौके पर बड़ी संख्या में रेलवे पुलिस मौजूद रही, लेकिन स्थानीय पुलिस नदारद रही।













