आसनसोल रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक चेतनानंद सिंह ने सोमवार को कुमारधुबी रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान स्टेशन परिसर की अव्यवस्था और गंदगी देख वे नाराज़ हो गए. परिसर में जगह-जगह फैली गंदगी और दीवारों पर चिपके पोस्टर व स्टीकर देख उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई.
चेतनानंद सिंह ने “अमृत भारत योजना” के तहत निर्माणाधीन नवनिर्मित स्टेशन भवन का भी जायजा लिया. उन्होंने बताया कि यह भवन तय समय पर तैयार नहीं हो सका, जिसके लिए उन्होंने खेद जताया. उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगामी दो से तीन महीनों में यह भवन पूरी तरह से बनकर तैयार हो जाएगा और इसे भव्य रूप दिया जाएगा.
रेल मंडल प्रबंधक ने स्टेशन में यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई घोषणाएं भी कीं. उन्होंने कहा कि स्टेशन को दुल्हन की तरह सजाया जाएगा और यहां फूट ओवर ब्रिज, एस्केलेटर और लिफ्ट जैसी सुविधाएं भी जल्द ही जोड़ी जाएंगी. नवनिर्मित भवन के चालू होने के बाद पुराने प्रतीक्षालय को हटाकर उसकी जगह दुकानें बनाई जाएंगी.
निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे स्टेशन परिसर को स्वच्छ बनाए रखें, पान, गुटखा या खैनी खाकर परिसर में न थूकें और स्वच्छता में सहयोग करें.
इस मौके पर सीनियर डिविजनल कोऑर्डिनेशन राजीव रंजन, एईएन मुनेश पांडे, एलओडब्ल्यू सीतारामपुर के शिवकुमार, कुमारधुबी स्टेशन प्रबंधक एस.के. पाठक, बराकर आरपीएफ इंस्पेक्टर हाईवा सिंह, अवधेश पासवान समेत कई रेल अधिकारी उपस्थित रहें.












