Ranchi Army Bharti Rally 2026: रांची के खेलगांव स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, होटवार में सेना भर्ती रैली को लेकर जिला प्रशासन और रांची पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए 12 महत्वपूर्ण स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।
सेना भर्ती रैली के दौरान सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सुविधाओं और मेडिकल इमरजेंसी को लेकर प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक की ओर से भर्ती रैली के सफल संचालन के लिए संयुक्त आदेश जारी किया गया है।
12 महत्वपूर्ण स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल तैनात
रांची के खेलगांव में आयोजित सेना भर्ती रैली के दौरान अभ्यर्थियों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी तरह की अव्यवस्था से निपटने के लिए प्रशासन ने 12 स्थानों पर सुरक्षा बल तैनात करने का निर्णय लिया है। इन स्थानों में रेस्ट एरिया, खेलगांव फुटबॉल मैदान, हैंगर, टावर नंबर-3 और टावर नंबर-4, स्टेडियम परिसर, मुख्य प्रवेश द्वार, मेडिकल जांच के लिए मेन गेट-2, गेट के बाहरी क्षेत्र, मुख्य सड़क पर बने बैरिकेड और मुख्य एथलेटिक स्टेडियम भवन सहित अन्य संवेदनशील स्थान शामिल हैं।
कई महत्वपूर्ण जगहों पर चार-चार लाठी बल की तैनाती की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल भी उपलब्ध कराया जाएगा। संबंधित थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करने और कानून-व्यवस्था पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया गया है।
अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, शौचालय और बसों की व्यवस्था
सेना भर्ती रैली में झारखंड के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में युवाओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन ने अभ्यर्थियों की सुविधाओं के लिए विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।
भर्ती स्थल पर पर्याप्त पेयजल, अस्थायी शौचालय और बसों की व्यवस्था की जाएगी। जलापूर्ति विभाग को कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में वाटर टैप प्वाइंट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और आवश्यक स्थानों पर कीटनाशक छिड़काव भी सुनिश्चित किया जाएगा।
ऑनलाइन दस्तावेज जांच के लिए कंप्यूटर ऑपरेटर तैनात
सेना भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की ऑनलाइन जांच के लिए पर्याप्त संख्या में कंप्यूटर और डाटा एंट्री ऑपरेटरों की व्यवस्था की जाएगी। सेना भर्ती कार्यालय की ओर से भी 10 डाटा एंट्री कंप्यूटर ऑपरेटर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। भर्ती प्रक्रिया में बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जेनरेटर की व्यवस्था रहेगी।
जरूरत के अनुसार कार्यक्रम स्थल पर अतिरिक्त लाइट, पंखे और कूलर भी लगाए जाएंगे।
मेडिकल टीम और एंबुलेंस रहेगी तैयार
हजारों अभ्यर्थियों के जुटने की संभावना को देखते हुए स्वास्थ्य व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी गई है। भर्ती स्थल पर पुरुष और महिला चिकित्सकों के साथ पर्याप्त संख्या में मेडिकल टीम तैनात रहेगी।
किसी अभ्यर्थी की अचानक तबीयत बिगड़ने या मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में तत्काल सहायता के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा कॉमन रूम और अन्य आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
ट्रैफिक व्यवस्था के लिए बनेगा विशेष रूट प्लान
सेना भर्ती रैली के दौरान रांची में यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए ट्रैफिक पुलिस को विशेष रूट प्लान तैयार करने और प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती करने का निर्देश दिया गया है।
बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में बसों और अन्य वाहनों की व्यवस्था की जाएगी। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य प्रमुख स्थानों पर युवाओं को दलालों और ठगी करने वाले लोगों से सावधान रहने के लिए जागरूक किया जाएगा।
ठगी और दलाली करने वालों पर पुलिस की नजर
जिला प्रशासन ने भर्ती रैली के दौरान अभ्यर्थियों को ठगी, फर्जीवाड़े और दलाली से बचाने के लिए पुलिस को विशेष रूप से सतर्क रहने का निर्देश दिया है। सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को निर्धारित समय पर अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। थाना प्रभारियों को लगातार गश्त करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है।
सेना भर्ती रैली के दौरान प्रशासन का विशेष फोकस सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सुविधाओं, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर रहेगा।
ये भी पढ़ें: 2 सितंबर को कैसा रहेगा झारखंड का मौसम? कई जिलों में गरज-चमक और तेज हवा की चेतावनी
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।









