रांची: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर राजधानी रांची में तैयारियां तेज हो गई हैं। रांची नगर निगम क्षेत्र के लगभग सभी छठ घाटों और तालाबों को स्वच्छ, सुरक्षित और प्रकाशमय बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। नगर निगम का लक्ष्य है कि छठ महापर्व से पहले सभी घाटों पर साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं।
इसी सिलसिले में 11 नवंबर को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ एदलहातू तालाब, बड़गाईं तालाब और पीएचईडी तालाब का निरीक्षण किया। उन्होंने छठ पूजा समितियों से भी तैयारियों की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
सफाई, लाइटिंग और सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान एदलहातू तालाब में पानी में फिटकरी डालने, संपर्क मार्गों की विशेष सफाई कराने और दो हाई मास्ट लाइट लगाने का निर्देश दिया गया। वहीं, बड़गाईं तालाब में अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था, पेड़ों की डालियों की छंटाई, पानी में फिटकरी डालने और संपर्क रास्तों की सफाई कराने को कहा गया।
पीएचईडी तालाब में पेंटिंग का काम पूरा करने, घास की कटाई और तालाब तक पहुंचने वाले सभी संपर्क मार्गों की विशेष सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
नंगे पैर घाट पहुंचने वाले व्रतियों की सुविधा का ध्यान
छठ महापर्व के दौरान व्रती नंगे पैर घाटों तक पहुंचते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए नगर आयुक्त ने सभी छठ घाटों के साथ-साथ वहां तक पहुंचने वाले रास्तों की विशेष सफाई कराने को कहा है। रास्तों से कंकड़-पत्थर, कचरा और अन्य अवरोध हटाने का निर्देश दिया गया है, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि छठ व्रतियों की सुविधा और सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।
नगर निगम के मुताबिक, शहर के विभिन्न तालाबों और छठ घाटों पर साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और जरूरी सुविधाओं को दुरुस्त करने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। निगम का प्रयास है कि छठ से पहले सभी घाट पूरी तरह तैयार हो जाएं, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis







