Ranchi Civil Court Bomb Threat: झारखंड की राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। रांची सिविल कोर्ट को एक बार फिर ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है, जिससे पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ता (BDS) ने कोर्ट परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया है।
Ranchi Civil Court Bomb Threat: ईमेल के जरिए धमकी, पुलिस अलर्ट
अपराधियों ने ईमेल के माध्यम से कोर्ट परिसर में बम होने का संदेश भेजा। कोतवाली डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस बल और बम निरोधक दस्ता तुरंत मौके पर पहुंचा। फिलहाल पूरे परिसर और आसपास के संवेदनशील इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि, अब तक कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा को लेकर कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है।
यह पहला मौका नहीं है जब राजधानी के कोर्ट परिसर को निशाना बनाने की कोशिश की गई है। पिछले कुछ दिनों में बम से उड़ाने के धमकियों का सिलसिला बढ़ता ही जा रहा है।
पहली बार 6 फरवरी को मिली थी धमकी
पहली बार 6 फरवरी को रांची के सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की पहली बड़ी धमकी मिली। जिसके बाद 28 फरवरी को दोबारा ईमेल के जरिए दहशत फैलाने की कोशिश की गई। इन घटनाओं के बाद पुलिस ने कोर्ट परिसर में अच्छी तरह से तलाशी कि, लेकिन किसी भी प्रकार की वस्तु बरामद नहीं हुई थी। इसके बावजूद पुलिस प्रशासन इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रहा है।
एक बार फिर कोर्ट प्रशासन को डराने का प्रयास किया गया है।
इससे पहले रांची के समाहरणालय भवन और पासपोर्ट कार्यालय को भी इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं, जो पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई हैं। लगातार मिल रही धमकियों को देखते हुए रांची पुलिस अब साइबर एंगल से भी जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये धमकी भरे ईमेल किस सर्वर और लोकेशन से भेजे जा रहे हैं। मामले की जांच साइबर एंगल से भी की जा रही है, ताकि यह पता लग सके कि धमकी भरा ईमेल कहां से भेजा जा रहा है। कोर्ट परिसर में आने-जाने वाले हर व्यक्ति की कड़ी जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
Bokaro Civil Court को भी ‘साइनाइड बम’ से उड़ाने की धमकी
सिर्फ रांची ही नहीं, सोमवार को बोकारो सिविल कोर्ट में भी दहशत का माहौल रहा। कोर्ट के रजिस्ट्रार को भेजे गए ईमेल में दावा किया गया कि परिसर में 14 साइनाइड बम लगाए गए हैं। बोकारो पुलिस और प्रशासन ने पूरे दिन सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन वहां भी स्थिति सामान्य पाई गई।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
बार-बार मिल रही धमकियों के बाद झारखंड के प्रमुख न्यायालयों की सुरक्षा व्यवस्था को अपग्रेड किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं और जनता को घबराने की जरूरत नहीं है।











