रांची: राजधानी रांची में कोयला कारोबारी संजय करमाली के घर हुई गोलीबारी के बाद राहुल दुबे गैंग के नाम से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आया है। इसमें कांके थाना क्षेत्र के प्रेम नगर स्थित संजय करमाली के आवास और ए.के. इंटरनेशनल होटल पर हुई गोलीबारी की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पोस्ट में कोयला कारोबार से जुड़े कुछ लोगों को धमकी देते हुए कथित सिंडिकेट का मुद्दा उठाया गया है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की अहले सुबह करीब 4 बजे कांके के प्रेम नगर में संजय करमाली के घर पर अज्ञात हमलावरों ने आधा दर्जन से अधिक राउंड फायरिंग की। हमलावरों ने घर के मुख्य दरवाजे के ऊपरी हिस्से को निशाना बनाया और मौके पर एक पर्चा छोड़कर फरार हो गए।
सोशल मीडिया पोस्ट में दो घटनाओं का जिक्र
राहुल दुबे गैंग के नाम से सामने आए पोस्ट में संजय करमाली के घर के अलावा अभय सिंह के ए.के. इंटरनेशनल होटल पर भी गोलीबारी की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है।
पोस्ट में प्रेम नगर की घटना का समय रात 2 से 3 बजे के बीच और होटल पर गोलीबारी का समय रात 9 से 10 बजे के बीच बताया गया है। हालांकि, दोनों घटनाओं के समय और परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
कोयला कारोबार में कथित सिंडिकेट को लेकर आरोप
सोशल मीडिया पोस्ट में हजारीबाग के न्यू बिरसा साइडिंग और बड़कासयाल क्षेत्र में कोयला कारोबार से जुड़े कथित सिंडिकेट का जिक्र किया गया है।
पोस्ट में आरोप लगाया गया है कि कुछ लोग चुनिंदा कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए बाहरी डीओ धारकों को काम करने से रोक रहे हैं। इसके अलावा सीसीएल के एक अधिकारी पर भी कथित मिलीभगत का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की गई है।
ये सभी आरोप सोशल मीडिया पोस्ट में किए गए हैं। इनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
पोस्ट में धमकी, पुलिस जांच से स्पष्ट होगी सच्चाई
पोस्ट में कोयला कारोबार से जुड़े कुछ लोगों, उनके परिवारों और कोयला परिवहन में लगे वाहनों को निशाना बनाने की धमकी भी दी गई है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि पोस्ट वास्तव में राहुल दुबे गैंग की ओर से जारी किया गया है या नहीं। पुलिस की जांच से ही पोस्ट की प्रामाणिकता, गोलीबारी के पीछे की वजह और इसमें शामिल अपराधियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








