Ranchi Policeको उग्रवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीएलएफआई (पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया) के स्टेट चीफ अमृत होरो उर्फ मेचो उर्फ सूर्या को गिरफ्तार कर लिया है। अमृत होरो पर झारखंड सरकार ने 10 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से हथियार और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि अमृत होरो पिछले 16 वर्षों से राज्य में सक्रिय था और कई बड़ी नक्सली घटनाओं को अंजाम दे चुका है। पुलिस के अनुसार उसकी गिरफ्तारी के साथ ही पीएलएफआई संगठन का शीर्ष नेतृत्व पूरी तरह खत्म हो गया है।
गुप्त सूचना पर जंगल में बिछाया गया जाल
एसएसपी के मुताबिक पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अमृत होरो अपने सहयोगियों के साथ लापुंग थाना क्षेत्र के महगांव जंगल में मौजूद है और किसी बड़ी उग्रवादी घटना की तैयारी कर रहा है। सूचना के बाद ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस ने देर रात महगांव जंगल के आसपास घेराबंदी की। इसी दौरान हथियारों से लैस अमृत होरो को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब उसके अन्य सहयोगियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
व्यापारियों और ठेकेदारों से वसूलता था लेवी
पुलिस पूछताछ में अमृत होरो ने खुद को पीएलएफआई का स्टेट चीफ स्वीकार किया है। उसने बताया कि संगठन के सदस्य फोन और सोशल मीडिया ऐप्स के जरिए व्यापारियों, ठेकेदारों और प्रतिष्ठित लोगों को जान से मारने की धमकी देकर लेवी वसूलते थे।
अमृत होरो के खिलाफ रांची, खूंटी, गुमला और लोहरदगा समेत कई जिलों में 60 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, रंगदारी, आगजनी, आर्म्स एक्ट, यूएपीए और विकास कार्यों में बाधा पहुंचाने जैसे मामले शामिल हैं।
अमृत होरो के प्रमुख नक्सली कांड
- वर्ष 2023 में लापुंग थाना क्षेत्र में राजेश कुमार साहू की गोली मारकर हत्या।
- वर्ष 2024 में लोहागढ़ नदी जलमीनार परियोजना के ठेकेदार से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप।
- अप्रैल 2026 में खूंटी के कर्रा थाना क्षेत्र में रेलवे परियोजना के पास रोड रोलर में आगजनी और 50 लाख की लेवी मांगना।
- गुमला के कामडारा थाना क्षेत्र में विकास कार्य बाधित करने के मामले में UAPA के तहत केस दर्ज।
- वर्ष 2025 में रांची के कारोबारी संजय सिंह उर्फ मंटू सिंह से हर प्रोजेक्ट में 5 प्रतिशत लेवी की मांग।
- लोहरदगा के कैरो थाना क्षेत्र में राशन दुकान संचालक से 10 लाख रुपये रंगदारी मांगने का आरोप।
- पश्चिमी सिंहभूम के आनंदपुर थाना क्षेत्र में संगठन के अंदर वर्चस्व की लड़ाई में अपने ही सदस्य की हत्या का मामला।
इसके अलावा लापुंग, बेडो, नगड़ी, टाटीसिलवे और अरगोड़ा थानों में वर्ष 2011 से 2025 तक हत्या, आर्म्स एक्ट और सीएलए एक्ट के तहत कई मामले लंबित हैं।
Jharkhand Naxal News: पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि
रांची पुलिस का मानना है कि अमृत होरो की गिरफ्तारी से पीएलएफआई की गतिविधियों पर बड़ा असर पड़ेगा। लंबे समय से संगठन राज्य के कई इलाकों में लेवी वसूली और हिंसक घटनाओं को अंजाम दे रहा था। पुलिस अब संगठन के बाकी नेटवर्क को तोड़ने में जुट गई है।








