Ranchi के बरियातू स्थित टुंकी टोला के पास एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने समाज की संवेदनहीनता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, एक अज्ञात युवक पिछले दो से तीन दिनों से बरियातू तालाब और रिम्स ट्रॉमा सेंटर के आसपास गंभीर रूप से घायल अवस्था में बेसुध पड़ा था। आसपास से गुजरने वाले लोग उसे देखते रहे, लेकिन किसी ने उसकी मदद करने की पहल नहीं की।
स्थिति की जानकारी मिलने पर DALSA (जिला विधिक सेवा प्राधिकरण) की पैरा लीगल वॉलंटियर अनीता देवी को डॉक्टर अनित ने फोन कर सूचना दी। सूचना मिलते ही अनीता देवी मौके पर पहुंचीं और घायल युवक को इलाज दिलाने की कोशिश शुरू की।
RIMS में भर्ती कराने में आई परेशानी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुरुआत में घायल युवक को रिम्स में भर्ती कराने में कठिनाई हुई। इसके बाद सदर थाना पुलिस से संपर्क किया गया। पुलिस ने तत्काल सहयोग करते हुए पीसीआर वाहन की व्यवस्था की और घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार शुरू कराया गया।
सिर, जबड़े और हाथ में गंभीर चोट
घायल युवक के सिर में गंभीर चोट है। उसके जबड़े में गहरा जख्म है और हाथ में भी गंभीर चोटें आई हैं। उसकी हालत इतनी गंभीर है कि वह ठीक से बोल भी नहीं पा रहा है।
हालांकि, जब अस्पताल में आवश्यक दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने के लिए कहा गया तो उसने किसी तरह अपना नाम “आकाश कुमार” लिखकर बताया। फिलहाल उसकी पहचान और परिजनों की तलाश की जा रही है।
DALSA सचिव ने बेहतर इलाज का दिया आश्वासन
घटना की जानकारी मिलने के बाद DALSA के सचिव राकेश रौशन ने घायल युवक के समुचित और बेहतर इलाज का आश्वासन दिया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया।
मानवता पर बड़ा सवाल
यह घटना केवल एक सड़क दुर्घटना या घायल व्यक्ति की कहानी नहीं है, बल्कि समाज की संवेदनशीलता पर भी सवाल खड़ा करती है। रिम्स ट्रॉमा सेंटर जैसे बड़े अस्पताल के पास एक व्यक्ति कई दिनों तक घायल अवस्था में पड़ा रहा, लेकिन अधिकांश लोग उसे नजरअंदाज कर आगे बढ़ते रहे।
ऐसे समय में DALSA की पैरा लीगल वॉलंटियर अनीता देवी, डॉक्टर अनित और सदर थाना पुलिस की त्वरित पहल ने एक बार फिर यह साबित किया कि यदि समय पर मदद मिले तो किसी की जान बचाई जा सकती है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









