रूपनारायणपुर: पश्चिम बंगाल के रूपनारायणपुर स्थित मालबहाल मैदान में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 22 वर्षीय गोविंदा यादव के रूप में हुई है, जो झारखंड के मिहिजाम इलाके का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने उसके पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
गुप्त सूचना पर पुलिस की छापेमारी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रूपनारायणपुर के मालबहाल मैदान में एक युवक के हथियार के साथ मौजूद होने की सूचना मिली थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए रूपनारायणपुर फांड़ी प्रभारी सुमंगल सरकार के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम ने मौके पर छापेमारी की।
पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी।
आरोपी के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज होने की जानकारी
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोविंदा यादव के खिलाफ विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं। कुछ महीने पहले आछड़ा में हुई एक झड़प के दौरान हवा में गोली चलाने की घटना में भी उसका नाम सामने आया था।
पुलिस को आशंका है कि आरोपी किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के इरादे से हथियार लेकर मालबहाल मैदान पहुंचा था। हालांकि, उसके मकसद और संभावित आपराधिक साजिश को लेकर अभी विस्तृत जांच की जा रही है।
आसनसोल अदालत में पेश, पुलिस हिरासत की मांग
गिरफ्तारी के बाद शनिवार को आरोपी को आसनसोल अदालत में पेश किया गया। जांच अधिकारियों ने हथियार की आपूर्ति के स्रोत का पता लगाने और मामले में किसी बड़े आपराधिक गिरोह की संभावित संलिप्तता की जांच करने के लिए अदालत से सात दिनों की पुलिस हिरासत मांगी है।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आरोपी के पास हथियार कहां से आया और इस मामले में अन्य लोगों की कोई भूमिका है या नहीं।
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।









