Ranchi News: झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने सोमवार को कांग्रेस कार्यालय में जनता दरबार लगाया. इस विशेष पहल के तहत करीब 40 लोग अपनी समस्याएं लेकर मंत्री से मिलने पहुंचे. समस्याओं का दायरा स्वास्थ्य, जमीन विवाद, अंचल कार्यालय से जुड़ी शिकायतों और प्रशासनिक लापरवाहियों तक फैला था.
जनता दरबार के दौरान कई मामलों में मौके पर ही समाधान निकाला गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निष्पादन का भरोसा मंत्री ने लोगों को दिया. उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ताकि समस्याओं का समय रहते समाधान हो सके.
read more- रथयात्रा मेला 2025: रांची की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव, जानें कहां से मिलेगा एंट्री
अब हर सोमवार को लगाया जाएगा जनता दरबार
वहीं मीडिया से बात करते हुए दीपिका पांडे सिंह ने बताया कि अब हर सोमवार को कांग्रेस कार्यालय में जनता दरबार आयोजित किया जाएगा. उन्होंने कहा, यह एक नियमित प्रक्रिया होगी, ताकि हम सीधे जनता से जुड़ सकें और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल कर सकें. उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन की सरकार जनहित में संवेदनशील है और लोगों की जरूरतों को लेकर सजग भी. कांग्रेस पार्टी समय-समय पर जनता दरबार के माध्यम से जनता की सीधी भागीदारी सुनिश्चित कर रही है. मंत्री ने कहा, हमारा प्रयास है कि राज्य में किसी भी नागरिक को अनावश्यक परेशानी न झेलनी पड़े. समस्याएं हल हों, यही हमारी प्राथमिकता है.
read more- मरे हुए लोगों को मिल रहा राशन! झारखंड में खुली बड़ी लापरवाही
जनता दरबार में आए कई लोगों ने भी संतोष व्यक्त किया कि उन्हें सीधे मंत्री से मिलने और अपनी बात कहने का अवसर मिला, जिससे उनमें विश्वास और उम्मीद की भावना जागी है.













