रांची : झारखंड के वरिष्ठ पत्रकार और आजाद सिपाही हिंदी दैनिक के प्रधान संपादक हरिनारायण सिंह का आज निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे और रांची के सेम्फोर्ड अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। आज सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की पुष्टि उनके बेटे राकेश सिंह ने की। पत्रकारिता जगत में उनके निधन से गहरा शोक व्याप्त है। हरिनारायण सिंह का अंतिम संस्कार रांची के हरमू मुक्ति धाम में किया जाएगा। इससे पहले, उनका पार्थिव शरीर रांची प्रेस क्लब लाया जाएगा, जहां पत्रकार और शुभचिंतक उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
पत्रकारिता में चार दशक का अनुभव
हरिनारायण सिंह झारखंड के उन गिने-चुने पत्रकारों में से थे जिन्होंने हिंदुस्तान, प्रभात खबर, सन्मार्ग, न्यूज़ 11 और खबर मंत्र जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में वरिष्ठ संपादक के रूप में अपनी सेवाएं दीं। वर्तमान में वे आजाद सिपाही अखबार के संस्थापक प्रधान संपादक थे। उनके निधन को झारखंड की पत्रकारिता के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। वे निष्पक्ष, निडर और जनहित से जुड़ी पत्रकारिता के लिए जाने जाते थे।
बाबूलाल मरांडी ने जताया शोक
भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने शोक व्यक्त करते हुए कहा, वरिष्ठ पत्रकार हरिनारायण सिंह जी के निधन की सूचना से अत्यंत व्यथित हूं। उन्होंने पत्रकारिता के माध्यम से दशकों तक समाज की सेवा की। उनका निधन पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुख सहन करने की शक्ति दें। बता दें कि हरिनारायण सिंह के निधन से झारखंड के पत्रकारिता जगत में एक बड़ी रिक्तता उत्पन्न हो गई है, जिसकी भरपाई संभव नहीं दिखती।












