Ranchi: राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र में योगदा सत्संग कॉलेज के सामने एक झोपड़ी से युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गई। मृतक की पहचान पवन सिंह के रुप में हुई है। परिजनो ने युवक की प्रेमिका पर हत्या की आशंका जताई है। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई।
परिजनों ने प्रेमिका पर हत्या की आशंका जताई
मृतक की गर्दन पर धारदार हथियार से काटे जाने के निशान मिले हैं। उसके चेहरे पर भी सूजन थी। पवन की बहन प्रीति कुमारी ने सीमा देवी और उसके अन्य साथियों पर मिलकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पवन मूल रूप से गुमला जिले के सिसई थाना क्षेत्र के नागफेनी गांव का रहने वाला था। वह धुर्वा में योगदा सत्संग कॉलेज के सामने स्थित एक झोपड़ी में किराये पर रहता था। परिजनों के मुताबिक, उसका मोबाइल फोन 14 अक्टूबर से बंद था।
रिम्स में बहन ने की शव की पहचान
प्रीति के अनुसार, 16 अक्टूबर की सुबह करीब नौ बजे उसके चचेरे भाई ने फोन कर झोपड़ी में एक युवक का शव मिलने की जानकारी दी। इसके बाद वह पड़ोसी मनीष कुमार के साथ रिम्स पहुंची, जहां उसने शव की पहचान अपने भाई के रूप में की।
प्रीति ने पुलिस को दिए आवेदन में दावा किया है कि पवन के शरीर पर गंभीर चोट के निशान थे। उसने गुप्तांग में भी चोट होने की बात कही है। हालांकि, चोटों की प्रकृति और मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगी।
आपसी विवाद में हत्या की आशंका
शिकायतकर्ता का आरोप है कि सीमा देवी पवन पर अपने साथ रहने का दबाव बनाती थी और दोनों के बीच विवाद होता रहता था। प्रीति ने अन्य लोगों से बातचीत को लेकर भी विवाद होने की बात कही है। उसे आशंका है कि सीमा ने अपने साथियों के साथ मिलकर पवन की हत्या की।
ये आरोप फिलहाल शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए हैं। इनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस को सीमा का मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया गया है।
अब जांच में यह पता लगाया जाना है कि पवन की मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच से मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









