Jamshedpur: जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में गुरुवार को दिनदहाड़े लूट की वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। बैंक खुलते ही करीब पांच हथियारबंद अपराधी अंदर घुसे और कर्मचारियों को बंधक बना लिया। इसके बाद अपराधी बैंक से नकदी और सोना लेकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई।
42 लाख रुपये नकद और बड़ी मात्रा में जेवरात लूटे जाने की सूचना
स्थानीय पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में करीब 42 लाख रुपये नकद और बड़ी मात्रा में जेवरात लूटे जाने की बात सामने आई है। हालांकि, बैंक से कितनी नकदी और कितना सोना लूटा गया, इसका आधिकारिक आकलन अभी नहीं हो पाया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वारदात में शामिल अपराधियों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
आसपास के इलाकों में छापेमारी कर रही पुलिस
पुलिस अपराधियों के भागने के संभावित रास्तों की भी जांच कर रही है। घटना के बाद आरोपियों की तलाश में कई पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया है। आसपास के इलाकों में छापेमारी के साथ संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल पुलिस लूटे गए नकदी और सोने की वास्तविक मात्रा का पता लगाने में जुटी है।










