Jamshedpur: जमशेदपुर में परसुडीह थाना क्षेत्र के प्रमथनगर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान आतिशबाजी को लेकर दो गुटों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया, जिसमें दोनों पक्षों के लोग घायल हुए। घटना से नाराज पूजा कमेटी के सदस्यों ने परसुडीह थाना के सामने दुर्गा प्रतिमा रखकर सड़क जाम कर दिया।
करनडीह मुख्य मार्ग करीब डेढ़ घंटे तक जाम
प्रदर्शन के कारण करनडीह मुख्य मार्ग पर करीब डेढ़ घंटे तक आवागमन बाधित रहा। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रदर्शनकारी मारपीट के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
मारपीट में दो युवक घायल
हलुदबनी के चित्तरंजन लेन निवासी नरेन नंदी ने परसुडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उनके अनुसार, मारपीट के दौरान उनके सिर में चोट लगी, जिसके बाद उपचार के दौरान तीन टांके लगाए गए। दूसरे पक्ष का भी एक युवक घायल हुआ है।
Read More- कोडरमा में कीटनाशक का इंजेक्शन देकर हत्या-पत्नी ने प्रेमी से संग मिलकर उतारा मौत के घाट
मानिक मल्लिक और उनके बेटे की गिरफ्तारी की मांग
पूजा कमेटी के सदस्यों ने मानिक मल्लिक और उनके बेटे की गिरफ्तारी की मांग की। वहीं, शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचे पूर्व जिला परिषद सदस्य सुदीप्तो डे राणा को पुलिस ने हिरासत में लिया था। भाजपा नेताओं के विरोध के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
Read More- कोडरमा के गुमो चौक पर में तेज रफ्तार कार ने मजदूर को कुचला, मौत-NH-20 रोड जाम
परसुडीह पुलिस के अनुसार, विवाद दुर्गा पूजा कमेटी के दो गुटों के बीच हुआ। दोनों पक्षों से शिकायतें मिली हैं और पुलिस मामले की जांच कर रही है। विवाद में शामिल लोगों की भूमिका की जांच के साथ घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









