Koderma: कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र स्थित गुमो चौक पर गुरुवार सुबह सड़क हादसे में 55 वर्षीय मजदूर रामकिशुन यादव की मौत हो गई। वह गुमो के निवासी थे और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत फरार हो गया।
चाय पीने गुमो चौक जा रहा था मृतक
परिजनों के अनुसार, रामकिशुन रोज की तरह सुबह चाय पीने गुमो चौक जा रहे थे। इसी दौरान झुमरी तिलैया की ओर से आ रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार उन्हें करीब 50 फीट तक घसीटते हुए ले गई।
Read More- कोडरमा में खदान के पास मिला शव, अवैध संबंध में हत्या की आशंका
स्थानीय ग्रामीणों ने रांची-पटना मुख्य मार्ग NH-20 जाम किया
स्थानीय लोग घायल रामकिशुन को सदर अस्पताल, कोडरमा ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए रिम्स, रांची रेफर किया गया। हालांकि, रांची ले जाने के दौरान बरही के पास रास्ते में उनकी मौत हो गई।
घटना से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने मुआवजे तथा गुमो चौक पर अंडरपास बनाने की मांग को लेकर रांची-पटना मुख्य मार्ग NH-20 जाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। ग्रामीणों ने चौक पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर चिंता जताई।
Read More- कोडरमा में कीटनाशक का इंजेक्शन देकर हत्या-पत्नी ने प्रेमी से संग मिलकर उतारा मौत के घाट
फरार चालक और वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
सूचना मिलने पर तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के आश्वासन के बाद करीब तीन घंटे में जाम हटाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार चालक और वाहन की तलाश की जा रही है। मृतक अपने पीछे पत्नी, तीन बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









