Koderma: कोडरमा जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र में बंद पड़ी खदान के पास मिले अज्ञात शव की पहचान हो गई है। मृतक की पहचान हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र स्थित भगहर गांव निवासी नरेश शर्मा के रूप में हुई है। शव नवलशाही के साप्ताहिक बाजार के पास बरामद हुआ था।
10 अक्टूबर से लापता थे नरेश शर्मा
परिजनों के अनुसार, नरेश शर्मा 10 अक्टूबर से लापता थे। वह कोलकाता के एक सैलून में काम करते थे। 10 अक्टूबर को कोलकाता जाने के लिए घर से निकले थे और कोडरमा स्टेशन से ट्रेन पकड़ने वाले थे। परिजनों को फोन पर उन्होंने बताया था कि स्टेशन पहुंचने से पहले ही शाम करीब सात बजे उनकी ट्रेन छूट गई। उसी दिन सुबह करीब 11 बजे जब उनके बड़े भाई कमल शर्मा ने दोबारा फोन किया, तो मोबाइल बंद मिला।
काफी खोजबीन के बाद कमल शर्मा ने चौपारण और तिलैया थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। इधर, नवलशाही पुलिस शव की पहचान करने में जुटी थी। सूचना मिलने पर परिजन थाने पहुंचे और पुलिस को नरेश के लापता होने की जानकारी दी।
अवैध संबंध में हत्या की आशंका
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक के कुछ रिश्तेदार डोमचांच के बेहराडीह में रहते हैं। उनसे पूछताछ के बाद हत्या की आशंका से जुड़ी बातें सामने आने की चर्चा है। हालांकि, रिश्तेदार की पत्नी से कथित संबंध और हत्या के कारण को लेकर अभी पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों की ओर से जल्द पूरे मामले का खुलासा करने की बात कही जा रही है। फिलहाल हत्या के कारण और इसमें शामिल लोगों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








