Hazaribagh: केरेडारी में पुलिस और राहुल दुबे गैंग के अपराधियों के बीच देर रात मुठभेड़
Hazaribagh News: हजारीबाग के केरेडारी थाना क्षेत्र में पुलिस और राहुल दुबे गैंग के अपराधियों के बीच देर रात मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हुआ, जबकि दूसरा गिरफ्तार कर लिया गया। इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।
Hazaribagh:झारखंड के हजारीबाग जिले से बड़ी खबर सामने आई है। केरेडारी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और कुख्यात राहुल दुबे गैंग के अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका दूसरा साथी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। दोनों आरोपियों से फिलहाल गहन पूछताछ की जा रही है।
बड़ी वारदात की तैयारी में थे अपराधी
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार देर रात करीब एक बजे सूचना मिली थी कि बाइक सवार संदिग्ध अपराधी क्षेत्र में घूम रहे हैं और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही केरेडारी थाना पुलिस ने चंद्रगुप्त माइंस कंपनी के आसपास वाहन जांच अभियान और घेराबंदी शुरू कर दी।
इसी दौरान पुलिस का सामना संदिग्ध बाइक सवारों से हुआ। पुलिस ने उन्हें रुकने का संकेत दिया, लेकिन वे भागने लगे। आरोप है कि भागते समय अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार दोनों आरोपी पूछताछ के दौरान लगातार अपना नाम और पहचान बदल रहे हैं। ऐसे में पुलिस उनकी वास्तविक पहचान, आपराधिक इतिहास और राहुल दुबे गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर रही है।
केरेडारी थाना प्रभारी वेद प्रकाश ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि पूरे इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि गिरोह के अन्य सदस्य भी आसपास छिपे हो सकते हैं, इसलिए तलाशी अभियान जारी है।
फिलहाल पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान और उनके पास से बरामद हथियारों की आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ पूरी होने के बाद पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक जारी रहेगा CJP का आंदोलन, आज सरकार से होगी अहम बैठक