Jharkhand News: झारखंड में सर्दी ने दस्तक दे दी है और मौसम तेजी से बदल रहा है। रांची मौसम केंद्र ने अब राज्य के 11 जिलों के लिए शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। पहले यह चेतावनी केवल 8 जिलों तक सीमित थी, लेकिन अब पूर्वी और कुछ दक्षिणी इलाकों में भी ठंड बढ़ने की संभावना जताई गई है।
ठंडी हवाओं से सतर्क रहें
रांची मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि रांची, खूंटी, सिमडेगा, लातेहार, लोहरदगा, चतरा, गढ़वा और गुमला में रहने वाले लोग विशेष सतर्कता बरतें। उन्होंने कहा कि भले ही न्यूनतम तापमान बहुत नीचे न जाए, लेकिन तेज ठंडी हवाएँ शरीर पर अधिक प्रभाव डाल सकती हैं, इसलिए सावधानी जरूरी है।
खूंटी में सबसे ज्यादा सर्दी
खूंटी जिले में ठंड का असर सबसे अधिक देखा जा रहा है। जंगलों से घिरे और ग्रामीण इलाकों वाले इस जिले में तापमान अक्सर 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच जाता है। शाम 5 बजे के बाद लोग घरों में ही रहना पसंद करते हैं और ठंड से बचने के लिए हीटर या अलाव का सहारा लेते हैं।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले एक सप्ताह में इन जिलों में ठंड और बढ़ सकती है। इसलिए सभी नागरिकों से अपील है कि वे गर्म कपड़े पहनें और ठंडी हवाओं से बचने के लिए आवश्यक सावधानियाँ बरतें।












