Jharkhand: जोड़ापोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरारी कोलियरी ऑफिस में बीते दिनों चोरी हुई बायोमेट्रिक हाजरी मशीन मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने एक शातिर चोर मो. आरिफ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी की निशानदेही पर बरारी तालाब से चोरी की गई बायोमेट्रिक मशीन बरामद कर ली गई है।
13 जून की रात हुई थी चोरी
इस घटना को लेकर कोलियरी मैनेजर शांतनु सील के बयान पर मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि 13 जून की रात अज्ञात चोरों ने बायोमेट्रिक हाजिरी मशीन और बैटरी को तोड़कर चोरी कर लिया था।
पेट्रोलिंग के दौरान हुआ गिरफ्तारी
एसएसपी के निर्देश पर जोड़ापोखर थाना प्रभारी राजेश प्रकाश सिन्हा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पाथरडीह थाना प्रभारी, सब-इंस्पेक्टर अनूप कुमार और अनुसंधानकर्ता की सहायता से चल रही पेट्रोलिंग के दौरान मो. आरिफ को गिरफ्तार किया गया।
तालाब में फेंक दी थी मशीन
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी की गई मशीन उनके किसी काम की नहीं थी, इसलिए उसे बरारी तालाब में फेंक दिया गया। पुलिस ने मशीन को तालाब से बरामद कर लिया है। घटना के बाद 14 जून से कोलियरी में मैनुअल उपस्थिति दर्ज की जा रही है, और नई बायोमेट्रिक मशीन लगाने की प्रक्रिया जारी है।
जल्द हो सकता है बड़े रैकेट का खुलासा
पुलिस को पूछताछ के दौरान कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। आशंका है कि चोरी की यह घटना किसी बड़े गैंग या रैकेट का हिस्सा हो सकती है। पुलिस जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर सकती है।












