Ranchi: सीएम हेमंत सोरेन ने नगर विकास एवं आवासीय विभाग की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को साफ संदेश दिया कि विकास योजनाओं का लाभ समय पर आम जनता तक पहुंचना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर विकास विभाग का उद्देश्य केवल सड़क और भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना भी है। उन्होंने स्मार्ट सिटी परियोजना, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, पेयजल आपूर्ति, ट्रैफिक मैनेजमेंट और कूड़ा निस्तारण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने का निर्देश दिया।
बैठक में मुख्यमंत्री ने रांची स्मार्ट सिटी परियोजना को तेज गति से पूरा करने के लिए भूमि अधिग्रहण कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा। साथ ही शहरी परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने और राजस्व संग्रहण के नए संसाधनों पर काम करने का भी निर्देश दिया।
नदी-तालाब पर अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री ने शहरों की नदियों, तालाबों, डैम और नालों पर हो रहे अतिक्रमण को गंभीर समस्या बताते हुए अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जलस्रोतों पर बनी अवैध संरचनाओं की पहचान कर नोटिस जारी किए जाएं और अतिक्रमण नहीं हटाने वालों पर प्राथमिकी दर्ज कर अवैध निर्माण ध्वस्त किया जाए।
हेमन्त सोरेन ने कहा कि जलस्रोतों के आसपास अतिक्रमण पर्यावरण और जल निकासी के लिए बड़ा खतरा है। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि वे अवैध निर्माण से बचें।
कांके डैम संरक्षण पर सरकार गंभीर
मुख्यमंत्री ने रांची स्थित कांके डैम के संरक्षण को लेकर भी विशेष निर्देश दिए। उन्होंने डैम में गिरने वाले नालों को बंद करने, कैचमेंट एरिया की घेराबंदी और स्वच्छ पानी सुनिश्चित करने के लिए कार्य योजना तैयार करने को कहा। साथ ही लोगों को जागरूक कर गंदे पानी को डैम में जाने से रोकने की अपील की गई।
रांची सहित राज्य के रिंग रोड पर लगेंगे सोलर पैनल
हेमन्त सोरेन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रांची सहित राज्य के सभी रिंग रोड के आसपास सोलर पैनल और सोलर स्ट्रीट लाइट लगाए जाएं। मुख्यमंत्री ने अगले 15 दिनों में प्रस्ताव कैबिनेट से पारित कर योजना को जमीन पर उतारने का निर्देश दिया।
उन्होंने शहरों में स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट, डिजिटल मॉनिटरिंग और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ाने पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे समय की बचत के साथ गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य सुनिश्चित होगा।
कचरा प्रबंधन और जल संरक्षण पर भी फोकस
मुख्यमंत्री ने शहरी क्षेत्रों में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और वाटर वेस्ट मैनेजमेंट को अनिवार्य रूप से लागू करने का निर्देश दिया। उन्होंने झिरी स्थित Legacy Waste के निस्तारण के लिए आधुनिक तकनीक अपनाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने लोगों से गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की अपील करते हुए कहा कि इससे ऊर्जा उत्पादन और कचरे के पुनर्चक्रण में मदद मिलेगी। साथ ही बारिश से पहले सड़क किनारे लगे पेड़ों की ट्रिमिंग कर सुरक्षा सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन माध्यम से साहिबगंज, राजमहल और धनबाद के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की भी समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








