Ranchi: राज्य में किसानों को उर्वरक की निर्धारित दर पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कृषि विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। विगत माह कई माध्यमों से कृषि निदेशालय को शिकायतें प्राप्त हुईं कि कुछ विक्रेता यूरिया के साथ सब्सिडी रहित उर्वरकों की टैगिंग कर रहे हैं और इन्हें निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बेच रहे हैं।
कृषि मंत्री नेहा शिल्पी तिर्की के निर्देश पर कृषि निदेशक भोर सिंह यादव ने सभी जिला कृषि पदाधिकारियों को अपने-अपने जिलों में विशेष जांच अभियान चलाने का आदेश दिया है। इसके तहत उर्वरकों की उपलब्धता, गुणवत्ता, मानक और बिक्री दर की सघन जांच की जा रही है।
किसानों के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन
यदि किसी भी विक्रेता द्वारा कालाबाजारी, जमाखोरी या निर्धारित दर से अधिक पर बिक्री की जाती है, तो किसान तुरंत राज्य सरकार द्वारा संचालित किसान कॉल सेंटर के टोल-फ्री नंबर 1800-123-116 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही खरीदें उर्वरक
कृषि विभाग ने किसानों और विक्रेताओं से अपील की है कि उर्वरक केवल जिला कृषि कार्यालय से अनुज्ञप्तिधारी (लाइसेंसधारी) विक्रेताओं से ही खरीदें, जिससे उन्हें गुणवत्तापूर्ण उत्पाद और सही कीमत सुनिश्चित हो सके।













