Dhanbad: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर शुक्रवार को पुटकी में अंचल स्तरीय खनन टास्क फोर्स की अहम बैठक आयोजित की गई। यह बैठक अंचल अधिकारी विकास आनंद की अध्यक्षता में पी.बी. एरिया गेस्ट हाउस में संपन्न हुई। बैठक में बीसीसीएल के महाप्रबंधक, सीआईएसएफ अधिकारी, थाना और ओपी प्रभारी शामिल हुए।
अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई का निर्देश
बैठक में अवैध कोयला, बालू और अन्य खनिज के खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
- थाना प्रभारी को छापेमारी अभियान तेज करने और प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया गया।
- बीसीसीएल अधिकारियों को हॉट स्पॉट की निगरानी बढ़ाने और अवैध मुहानों को तुरंत भरने का निर्देश मिला।
बीसीसीएल को मिले कई निर्देश
बैठक में बीसीसीएल प्रबंधन को भी सख्त आदेश दिए गए—
- क्षतिग्रस्त क्वार्टरों का सर्वे कर ध्वस्तीकरण किया जाए।
- परिवहन में नियमों का कड़ाई से पालन करवाया जाए।
- ओबी डंप केवल अधिग्रहित क्षेत्र में ही किया जाए।
- हर शिकायत की तुरंत जांच सुनिश्चित की जाए।
भू-धंसान और गैस रिसाव पर भी सतर्कता
बैठक में भू-धंसान और गैस रिसाव संभावित क्षेत्रों को लेकर भी चर्चा हुई। प्रभावित परिवारों को स्थानांतरित करने की तैयारी शुरू करने का आदेश दिया गया।
डीजीएमएस दिशा-निर्देशों का पालन अनिवार्य
खनन कार्य के दौरान डीजीएमएस द्वारा जारी ब्लास्टिंग गाइडलाइन का पालन करना सभी अधिकारियों और कंपनियों के लिए अनिवार्य कर दिया गया है।













