Ranchi: रोजगार की तलाश में विदेश गई झारखंड की एक महिला को आखिरकार आठ महीने बाद अपने घर लौटने का मौका मिला। लोहरदगा जिले की रहने वाली करीब 29 वर्षीय सुषमा टोप्पो 14 नवंबर 2026 को सुरक्षित झारखंड लौट आईं। उनकी वापसी राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष और भारतीय दूतावास, मस्कट के लगातार प्रयासों से संभव हो सकी।
जानकारी के अनुसार, सुषमा 17 मार्च 2026 को एक एजेंट के माध्यम से घरेलू कामगार के रूप में ओमान गई थीं। परिवार का आरोप है कि वहां नियोक्ता के घर पर उन्हें दुर्व्यवहार और कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। इसके बाद उन्होंने वहां से निकलने का फैसला किया, लेकिन पासपोर्ट और स्वदेश वापसी की व्यवस्था नहीं होने के कारण उनकी मुश्किलें बढ़ गईं।
परिजनों के मुताबिक, मस्कट के मुतराह इलाके में एक व्यक्ति ने पासपोर्ट दिलाने और भारत भेजने का भरोसा दिया था। आरोप है कि इस काम के नाम पर सुषमा से करीब 300 ओमानी रियाल भी लिए गए, लेकिन उनकी वापसी नहीं हो सकी। इस दौरान परिवार को उनकी स्थिति और ठिकाने की भी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही थी।
बहन की शिकायत पर शुरू हुई कार्रवाई
सुषमा की बड़ी बहन सुलोचना टोप्पो ने 1 सितंबर 2026 को झारखंड के राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष से मदद मांगी। इसके बाद नियंत्रण कक्ष ने भारतीय दूतावास, मस्कट, प्रोटेक्टर ऑफ इमिग्रेंट्स और अन्य संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया।
इस दौरान पता चला कि सुषमा ओमान के श्रम मंत्रालय, रुवी की अभिरक्षा में हैं और वहां करीब तीन सप्ताह से रह रही थीं। 16 सितंबर को भारतीय दूतावास ने उनकी वापसी की प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी दी।
पासपोर्ट नहीं था, दूतावास ने जारी किया आपातकालीन दस्तावेज
सुषमा का मूल पासपोर्ट उपलब्ध नहीं होने के कारण भारतीय दूतावास ने उनके लिए आपातकालीन यात्रा दस्तावेज (Emergency Certificate) जारी किया। इसके बाद आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी कराई गईं और 14 नवंबर को उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित हुई।
सुषमा की घर वापसी से उनके परिवार को बड़ी राहत मिली है। वहीं, परिजनों की ओर से कथित तौर पर लिए गए 300 ओमानी रियाल की जांच और राशि की वसूली की मांग भी की गई है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








