अमेरिकी अरबपति एलॉन मस्क की कंपनी Tesla ने 16 अक्टूबर को अपनी दूसरी जनरेशन रोडस्टर का एक हैरान करने वाला डेमो दिखाया। डेमो में कार एक बड़े घुमावदार रैंप पर चढ़ी, हवा में उछली, पलटी और फिर सुरक्षित तरीके से जमीन पर लैंड कर गई। इस दौरान कार ने हवा में अपनी दिशा बदलने की क्षमता भी दिखाई।
Tesla की इस रोडस्टर में रॉकेट में इस्तेमाल होने वाले थ्रस्टर लगाए गए हैं। कंपनी के मुताबिक, इनकी मदद से कार को हवा में अतिरिक्त लिफ्ट और कंट्रोल दिया जा सकता है। एलॉन मस्क ने इसे टेस्ला और स्पेसएक्स के इंजीनियरों के साथ मिलकर विकसित की गई तकनीक का नतीजा बताया।
मस्क के मुताबिक, कार को ऊपर उठाने के लिए एडवांस्ड अल्ट्रा-हाई प्रेशर एयर टैंक का इस्तेमाल किया गया है। इसमें एल्टीट्यूड थ्रस्टर्स और पीछे की तरफ मेन थ्रस्टर्स दिए गए हैं। इनकी मदद से कार हवा में घूमने और कलाबाजी करने में सक्षम बताई गई है।
0 से 97 KM की रफ्तार महज 0.81 सेकेंड में
डेमो के दौरान रोडस्टर ने 0 से 60 मील प्रति घंटे यानी करीब 97 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार महज 0.81 सेकेंड में पकड़ने का दावा किया गया। अगर प्रोडक्शन मॉडल भी इसी क्षमता के साथ आता है, तो यह दुनिया की सबसे तेज पिकअप वाली कारों में शामिल हो सकती है।
फिलहाल 0-60 मील प्रति घंटे की रफ्तार के मामले में रिमैक नेवेरा आर का प्रदर्शन 1.66 सेकेंड का बताया जाता है।
हालांकि टॉप स्पीड के मामले में रोडस्टर अभी सबसे आगे नहीं है। टेस्ला ने 230 मील प्रति घंटे यानी करीब 370 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार का दावा किया है। वहीं, कुछ हाइपरकार इससे कहीं ज्यादा तेज रफ्तार दर्ज कर चुकी हैं। मस्क ने भविष्य में मैक 0.5 यानी करीब 617 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का लक्ष्य भी बताया है।
आम सड़क पर चलेगी या नहीं?
डेमो के दौरान जब मस्क से पूछा गया कि क्या यह कार आम सड़कों पर चलाने के लिए उपयुक्त होगी, तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि यह इस बात पर निर्भर करता है कि आपकी सड़क कैसी है। हालांकि, उन्होंने इसे एक प्रैक्टिकल कार बताया।
मस्क के अनुसार, नई रोडस्टर टेस्ला की इकलौती ऐसी कार होगी जिसे मैन्युअली चलाया जा सकेगा। कार को बेहद ज्यादा सेफ्टी को ध्यान में रखकर डिजाइन नहीं किया गया है।
2028 में शुरू हो सकता है प्रोडक्शन
टेस्ला के मुताबिक, रोडस्टर का प्रोडक्शन 2028 में शुरू करने की योजना है। इसकी बुकिंग के लिए 50 हजार डॉलर यानी करीब 48 लाख रुपये का डिपॉजिट बताया गया है। कंपनी की वेबसाइट के मुताबिक, यह रकम रिफंडेबल है।
नई रोडस्टर फिलहाल डेमो/प्रोटोटाइप स्टेज में है। इसलिए इसके प्रदर्शन और फीचर्स को लेकर किए गए दावों की अंतिम पुष्टि प्रोडक्शन मॉडल सामने आने के बाद ही होगी।
क्या है कोल्ड-गैस थ्रस्टर टेक्नोलॉजी?
कोल्ड-गैस थ्रस्टर ऐसी तकनीक है जिसमें हाई-प्रेशर वाली कंप्रेस्ड गैस को तेज गति से बाहर निकालकर थ्रस्ट पैदा किया जाता है। अंतरिक्ष में सैटेलाइट और अन्य अंतरिक्ष यानों की दिशा और स्थिति नियंत्रित करने के लिए इस तरह की तकनीक का इस्तेमाल किया जाता है।
टेस्ला ने इसी तरह की तकनीक को रोडस्टर के साथ जोड़ने की योजना पहले भी बताई थी।
2017 में दिखाई गई थी दूसरी जनरेशन रोडस्टर
टेस्ला ने दूसरी जनरेशन रोडस्टर को पहली बार नवंबर 2017 में पेश किया था। उस समय कंपनी ने इसकी शानदार स्पीड के साथ स्पेसएक्स पैकेज और थ्रस्टर्स की भी बात की थी।
हालांकि, कार की लॉन्चिंग और प्रोडक्शन कई बार टलता रहा। शुरुआती योजना के मुताबिक इसे 2020 के आसपास बाजार में आना था, लेकिन डिजाइन और मैन्युफैक्चरिंग से जुड़ी चुनौतियों के चलते इसमें काफी देरी हुई।
एलॉन मस्क और ओपनएआई CEO सैम ऑल्टमैन के बीच भी रोडस्टर की देरी को लेकर सोशल मीडिया पर बहस हो चुकी है। ऑल्टमैन ने 50 हजार डॉलर की बुकिंग फीस के बाद लंबे इंतजार पर सवाल उठाया था। इसके जवाब में मस्क ने कहा था कि ऑल्टमैन की बुकिंग फीस पहले ही रिफंड की जा चुकी है।
2008 में आई थी पहली रोडस्टर
टेस्ला की पहली कार ओरिजिनल रोडस्टर थी, जिसे 2008 में कैलिफोर्निया में लॉन्च किया गया था। यह ब्रिटिश स्पोर्ट्स कार कंपनी लोटस एलीस के चेसिस पर आधारित थी। टेस्ला ने इसमें पेट्रोल इंजन की जगह ऑल-इलेक्ट्रिक पावरट्रेन का इस्तेमाल किया था।
अब करीब दो दशक बाद दूसरी जनरेशन रोडस्टर को थ्रस्टर तकनीक के साथ एक नए स्तर पर ले जाने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, इसका वास्तविक प्रदर्शन और सड़क पर इस्तेमाल की क्षमता 2028 में आने वाले प्रोडक्शन मॉडल से ही स्पष्ट होगी।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









