Ramgarh: झारखंड के रामगढ़ जिले में रविवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने बिहार के नालंदा जिले के एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। कुजू ओपी क्षेत्र के पैंकी गांव के पास NH-33 पर स्कॉर्पियो और आगे चल रहे अज्ञात वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में चार बच्चों समेत 13 लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी लोग बिहार के नालंदा से रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे।
नालंदा से रजरप्पा दर्शन के लिए निकला था परिवार
मिली जानकारी के अनुसार, नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र के जंघारो गांव का एक परिवार स्कॉर्पियो (BR 21P 6331) से झारखंड के प्रसिद्ध रजरप्पा मंदिर जा रहा था। वाहन में कुल 14 लोग सवार थे। इसी दौरान रामगढ़ के कुजू ओपी क्षेत्र में पैंकी गांव के समीप स्कॉर्पियो आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं।
चार बच्चों समेत 13 लोगों की मौत
इस हादसे में चार महिलाओं, पांच पुरुषों और चार बच्चों समेत कुल 13 लोगों की मौत हो गई। हादसे में बचा एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है और रामगढ़ के एक निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। एक ही परिवार के इतने लोगों की मौत से नालंदा के जंघारो गांव में शोक का माहौल है।
परिवार में नौकरी की खुशी, मंदिर में पूजा की थी तैयारी
जानकारी के मुताबिक, परिवार के सदस्य विवेक कुमार की पत्नी को सरकारी शिक्षक की नौकरी मिलने की खुशी में सभी लोग मां छिन्नमस्तिका मंदिर में पूजा करने जा रहे थे। विवेक कुमार के निजी स्कूल का संचालन करने की भी जानकारी सामने आई है। परिवार के लिए यह यात्रा एक खुशी के अवसर को यादगार बनाने का जरिया थी, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने सब कुछ बदल दिया।
घटनास्थल पर पहुंचे रामगढ़ के डीसी और एसपी
दुर्घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत, एसडीपीओ आलोक रंजन सहित प्रशासन और पुलिस के कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत एवं बचाव कार्य की स्थिति का जायजा लिया।
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो की आगे चल रहे अज्ञात वाहन से टक्कर होने के बाद यह हादसा हुआ। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और संबंधित वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद हादसे से जुड़ी अन्य परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
रामगढ़ में हुए इस भीषण हादसे ने बिहार और झारखंड, दोनों राज्यों में शोक की लहर पैदा कर दी है। जिस परिवार ने मंदिर में पूजा कर नई खुशियों की शुरुआत करने की योजना बनाई थी, उस परिवार के अधिकांश सदस्यों की असमय मौत ने कई सवाल और गहरा दुख छोड़ दिया है।
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।







