Ranchi: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने वर्ष 2050 तक राज्य को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में खड़ा करने का लक्ष्य दोहराया है। उन्होंने कहा कि झारखंड ने अपनी खनिज संपदा से देश और दुनिया को बहुत कुछ दिया है, लेकिन राज्य के आदिवासी और मूलवासी समाज को लंबे समय तक इसका अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाया। अब राज्य को विकास की नई गति देने और आने वाली पीढ़ी का भविष्य बेहतर बनाने की जरूरत है।
मुख्यमंत्री शनिवार को रांची के खेलगांव में झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन समारोह और राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, छात्रावासों की व्यवस्था और स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने सहित कई मुद्दों पर सरकार की प्राथमिकताएं रखीं।
50 लाख से अधिक परिवारों तक पहुंच रही आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं के माध्यम से 50 लाख से अधिक परिवारों तक आर्थिक सहायता पहुंच रही है। सरकार का प्रयास है कि झारखंड की महिलाएं रोजगार के लिए दूसरे राज्यों और महानगरों में पलायन करने के बजाय अपने राज्य में ही रोजगार और स्वरोजगार के अवसर प्राप्त करें।
उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस पखवाड़ा में विभिन्न जिलों से आई महिला स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए हैं। दिल्ली में आयोजित ट्रेड फेयर में भी झारखंड की महिलाओं ने अपने हुनर और उत्पादों का प्रदर्शन किया। स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने, जीआई टैगिंग और ऑनलाइन खरीद-बिक्री को बढ़ावा देने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
सरकारी स्कूलों और छात्रावासों की व्यवस्था में होगा सुधार
शिक्षा व्यवस्था पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के माध्यम से सरकारी स्कूलों की गुणवत्ता बेहतर बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने दावा किया कि अब निजी स्कूलों से बच्चे सरकारी उत्कृष्ट विद्यालयों में दाखिला ले रहे हैं। सरकार का लक्ष्य सरकारी स्कूलों में बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।
हेमंत सोरेन ने कल्याण विभाग के छात्रावासों की व्यवस्था में बदलाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले छात्रावासों में रहने वाले बच्चों को घर से दाल-चावल लाना पड़ता था और पढ़ाई के साथ खुद खाना भी बनाना पड़ता था। अब सरकार की ओर से छात्रावासों में ही भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था शुरू की जा रही है, ताकि विद्यार्थियों को केवल अपनी पढ़ाई पर ध्यान देने का अवसर मिले।
विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता के साथ मोबाइल और लैपटॉप
मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण कई परिवार अपने बच्चों को अच्छे कॉलेजों में दाखिला नहीं दिला पाते। ऐसे विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है। इसके साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और पढ़ाई के लिए मोबाइल और लैपटॉप उपलब्ध कराने का भी काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार गरीब, मध्यमवर्गीय और संपन्न परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों को समान नजर से देखती है और बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित करती है।
युवाओं को हुनरमंद बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न विभागों के माध्यम से कौशल विकास से जुड़े प्रयास किए जा रहे हैं। उनका उद्देश्य है कि आने वाली पीढ़ी अपने हुनर के दम पर रोजगार हासिल कर सके और अपने पैरों पर खड़ी हो सके। उन्होंने कहा कि खेल, कला-संस्कृति और शिक्षा के क्षेत्र में झारखंड के युवा लगातार अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं।
जल, जंगल और जमीन की रक्षा का युवाओं से आह्वान
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने झारखंड के गौरवशाली इतिहास और अलग राज्य के आंदोलन में योगदान देने वाले महापुरुषों को याद किया। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा, सिद्धू-कान्हू, चांद-भैरव, नीलांबर-पीतांबर और दिशोम गुरु शिबू सोरेन सहित आंदोलन के मार्गदर्शकों के संघर्ष और बलिदान का उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड का गठन लंबे संघर्ष और त्याग का परिणाम है। जल, जंगल और जमीन यहां के लोगों के जीवन का आधार हैं। नई पीढ़ी को इनकी रक्षा करने और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य तैयार करने का संकल्प लेना होगा।
झारखंड भीख नहीं, अपना हक और अधिकार मांगता है
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड खून-पसीने से सींचा हुआ राज्य है। यहां के लोगों ने अलग राज्य के लिए लंबा संघर्ष किया है। उन्होंने कहा कि झारखंड के लोगों को अपना हक और अधिकार चाहिए, भीख नहीं। जरूरत पड़ने पर अपने अधिकारों के लिए कानूनी और राजनीतिक लड़ाई लड़ने के लिए राज्य के लोग सक्षम हैं।
उन्होंने स्वीकार किया कि विकास के मामले में झारखंड कई राज्यों से पीछे रहा है। अब सरकार का प्रयास है कि विकास की गति तेज की जाए और राज्य को वर्ष 2050 तक अग्रणी राज्यों के बराबर खड़ा किया जाए।
महिला समूहों की मांग पर पखवाड़ा बढ़ाने का निर्देश
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने स्थापना दिवस पखवाड़ा में शामिल महिला स्वयं सहायता समूहों की मांग पर आयोजन की अवधि एक-दो दिन बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अलग-अलग जिलों से आई महिलाओं को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए बेहतर अवसर मिल रहा है। ऐसे में आयोजन समिति और संबंधित विभाग पखवाड़ा की अवधि बढ़ाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाएं।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









