रांची: झारखंड में ग्रामीण रोजगार, कृषि और आजीविका के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले जिलों, किसानों और लाभुकों को राज्यस्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। ग्रामीण विकास विभाग के तहत वीबी-जी रामजी योजना में सबसे अधिक मानव श्रम दिवस सृजित करने के लिए गढ़वा जिले को सम्मान मिला। वहीं, नई योजनाओं की स्वीकृति के मामले में बेहतर प्रदर्शन के लिए धनबाद को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कृषि, मत्स्य पालन, पशुपालन और ग्रामीण आजीविका के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लाभुकों को भी प्रोत्साहित किया गया।
गढ़वा और धनबाद को ग्रामीण विकास के लिए सम्मान
ग्रामीण विकास विभाग की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में वीबी-जी रामजी योजना के तहत मानव श्रम दिवस सृजन में बेहतर प्रदर्शन के लिए गढ़वा जिले को सम्मानित किया गया। वहीं, नई योजनाओं की स्वीकृति के मामले में धनबाद जिले को सम्मान मिला। इसके अलावा ग्रामीण आवास योजना के तहत बेहतर कार्य करने वाले लाभुकों को भी सम्मानित किया गया।
महिला स्वयं सहायता समूहों को मिली आर्थिक सहायता
झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों और आजीविका गतिविधियों से जुड़ी महिलाओं को सम्मानित किया गया। रिंकू रानी, यशोदा देवी और मधु कुमारी को कम्युनिटी इन्वेस्टमेंट फंड (CIF) के तहत सांकेतिक चेक प्रदान किए गए। वहीं, वायबिलिटी गैप फंड के तहत प्रेरणा कुमारी और सीता कुमारी को चेक दिया गया।
जेंडर रिसोर्स सेंटर और पैरा लीगल के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाली अरुणा कुमारी और शबनम खातून को भी सम्मानित किया गया।
पंचायत विकास से जुड़े प्रतिनिधियों का सम्मान
पंचायती राज विभाग की ओर से पंचायतों में बुनियादी सुविधाओं के विकास में योगदान देने के लिए मुखिया माधुरी हेम्ब्रम और गोड्डा जिले के महागामा के पंचायत सचिव मोहम्मद हबीब को सम्मान प्रदान किया गया।
किसानों को सोलर पंप से लेकर कृषि उपकरणों तक की सौगात
कृषि क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले किसानों और लाभुकों को भी कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। इस्लाम अंसारी को 2 HP का सोलर पंप प्रदान किया गया। वहीं, उत्कृष्ट मासिक कृषक के रूप में बीगा भगत और कृषि वानिकी के क्षेत्र में बेहतर कार्य के लिए किशोर भगत को सम्मान मिला।
मत्स्य पालन के क्षेत्र में कुलदीप कुमार सिंह को बायोफ्लॉक पॉन्ड के लिए सहायता राशि दी गई, जबकि विमल तिग्गा को चारपहिया वाहन अनुदान प्रदान किया गया। भूमि संरक्षण विभाग की ओर से सिमडेगा के चमेली आजीविका स्वयं सहायता समूह को ट्रैक्टर और कृषि उपकरणों के लिए चेक सौंपा गया।
पशुपालन और बागवानी के लाभुक भी सम्मानित
मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के लाभुक संदीप पुराव को सम्मानित किया गया। वहीं, बागवानी विभाग की ओर से नगड़ी की नीतू कुमारी को पॉलीहाउस निर्माण और गुमला के बसई की तारा मुनी कच्छप को सोलर क्रॉप ड्रायर योजना के तहत सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के जरिए ग्रामीण रोजगार, कृषि उत्पादन, आधुनिक खेती, पंचायतों के विकास और महिला स्वयं सहायता समूहों की आजीविका को मजबूत बनाने में योगदान देने वाले लोगों को प्रोत्साहित किया गया।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









