Ranchi: राजधानी रांची के मोरहाबादी वेंडिंग जोन में दुकानों के आवंटन को लेकर बड़ी अनियमितता सामने आई है। रांची नगर निगम की टीम ने शनिवार, 28 नवंबर को सहायक नगर आयुक्त के नेतृत्व में औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 43 दुकानों का आवंटन रद्द करने की अनुशंसा की गई है।
मोरहाबादी वेंडिंग जोन में नगर निगम का औचक निरीक्षण
नगर निगम की जांच में सामने आया कि कुछ दुकानदार आवंटित जगह पर दुकान चलाने के बजाय बाजार के दिनों में अलग से ठेला लगाकर कारोबार कर रहे थे। वहीं, कुछ आवंटियों ने अपनी दुकानें दूसरे लोगों को किराए पर दे रखी थीं। कई दुकानों का संचालन उनके वास्तविक आवंटियों द्वारा नहीं किया जा रहा था।
36 सब्जी दुकानों में सिर्फ 4 का हो रहा था संचालन
निरीक्षण के दौरान सब्जी विक्रेताओं के लिए आवंटित 36 दुकानों की जांच की गई। इनमें केवल चार दुकानों पर ही संबंधित आवंटियों द्वारा कारोबार किया जा रहा था। बाकी 32 दुकानों पर आवंटी स्वयं दुकान संचालित करते नहीं पाए गए। इसके बाद इन सभी 32 दुकानों का आवंटन रद्द करने की अनुशंसा की गई।
इसी तरह फूड और मिसलेनियस श्रेणी की 11 दुकानों में भी गड़बड़ी मिली। इनमें कुछ दुकानें बंद थीं, जबकि कुछ दूसरे लोगों को किराए पर दी गई थीं। इन सभी 11 दुकानों का आवंटन रद्द करने की सिफारिश की गई है।
दो बार नोटिस के बाद भी नहीं सुधरी स्थिति
नगर निगम के अनुसार, संबंधित दुकानदारों को पहले भी दो बार नोटिस जारी कर स्वयं दुकान संचालित करने का निर्देश दिया गया था। इसके बावजूद नियमों का पालन नहीं किया गया।
सहायक नगर आयुक्त ने कुल 43 दुकानों का आवंटन रद्द करने की अनुशंसा की है। अब इस मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। निगम ने स्पष्ट किया है कि वेंडिंग जोन में आवंटित दुकानों का इस्तेमाल निर्धारित उद्देश्य के अनुसार करना अनिवार्य है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







