Jharkhand News: जमशेदपुर शहर के साकची स्थित बाटा लाइन में चिरंजीलाल एंड संस कपड़ा दुकान के मालिक विशाल अग्रवाल उर्फ बाबू पर शुक्रवार रात एक नव-नियुक्त कर्मचारी ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल विशाल को तत्काल टीएमएच (Tata Main Hospital) में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
तीन दिन पहले रखा गया था आरोपी कर्मचारी
घटना रात करीब 9 बजे की है। आरोपी की पहचान शुभोजीत रॉय के रूप में हुई है, जिसे महज तीन दिन पहले दुकान में काम पर रखा गया था। काम के प्रति लापरवाही और अनियमितता के चलते उसे हटा दिया गया था। इसी बात से नाराज होकर वह दुकान पहुंचा और हिसाब-किताब के नाम पर विवाद शुरू कर दिया।
read more- झारखंड में कुड़मी समाज का बड़ा प्रदर्शन: ST श्रेणी में शामिल करने के लिए रोकीं ट्रेनें!
ऑनलाइन भुगतान की मांग बनी विवाद की जड़
दुकान पर मौजूद विशाल के भाई अमित अग्रवाल ने बताया कि आरोपी ने तुरंत भुगतान की मांग की और वो भी ऑनलाइन माध्यम से। जबकि वह सिर्फ ढाई दिन ही काम पर था, और उसका वेतन 1000 रुपए से कम बनता था। विशाल ने उसे अगले दिन भुगतान का आश्वासन दिया, लेकिन आरोपी ने चाकू निकालकर हमला कर दिया।
पेट में तीन बार किया वार, स्थिति गंभीर
विशाल अग्रवाल के पेट में तीन बार चाकू से वार किया गया। वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। आसपास के दुकानदारों और अमित ने शोर मचाया और तुरंत आरोपी को पकड़ लिया।
आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी
स्थानीय दुकानदारों और परिजनों की मदद से आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। इस घटना के बाद साकची बाजार में दहशत का माहौल है।
read more- धनबाद मंडल में रेल रोको आंदोलन का असर: कई ट्रेनें रद्द, समय में बदलाव
इलाज जारी, व्यापारी समुदाय में रोष
टीएमएच के डॉक्टरों के मुताबिक विशाल की हालत गंभीर है लेकिन उन्हें खतरे से बाहर लाने की पूरी कोशिश की जा रही है। इधर, स्थानीय व्यापारियों ने इस घटना के बाद बाजार में पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।












