कपुरिया ओपी अंतर्गत ओलीडीह बस्ती के समीप जंगल में उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक का शव पेड़ से रस्सी के सहारे लटका हुआ पाया गया. युवक लाल-काला टी-शर्ट और काले रंग की जींस पहने हुए था. शव की हालत को देखकर अनुमान लगाया जा सकता है कि उसकी मौत कई दिन पहले ही हुई है.
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि जब शव से दुर्गंध फैलने लगी, तब उन्होंने जाकर देखा और पुलिस को सूचना दी. कपुरिया ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतारकरअपने कब्जे में ले लिया. प्रारंभिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेजा गया है.
ओपी प्रभारी प्रमोद लकड़ा ने बताया कि शव की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का.
स्थानीय लोगों के अनुसार, जहां शव मिला है, वहां से महज 50 मीटर की दूरी पर ओलीडीह बस्ती के एक व्यक्ति द्वारा महुआ शराब की अवैध भट्ठी चलाई जा रही है. चर्चा है कि मृत युवक उसी भट्ठी में काम करता था. हालांकि, भट्ठी संचालक के डर से कोई ग्रामीण खुलकर कुछ भी बताने को तैयार नहीं है. वहीं, पुलिस मौत की असली वजह का पता लगाने में जुटी है.












