Jamtara: जामताड़ा जिले के नाला थाना क्षेत्र के कालीपाथर गांव में बुधवार को एक युवक का शव जंगल में पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान फनी भूषण सोरेन निवासी कालीपाथर, प्रखंड नाला के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार फनी भूषण सोरेन मंगलवार शाम घर से निकला था, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे ग्रामीणों ने गांव के समीप झाड़ी में करांच के पेड़ से युवक का शव फंदे के सहारे लटका देखा। इसके बाद दलाबड़ मुखिया प्रतिनिधि गुपिन सोरेन ने मामले की सूचना नाला थाना को दी।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही सहायक पुलिस अवर निरीक्षक चंदन कुमार सिंह सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों ने बताया कि मृतक का मानसिक संतुलन ठीक नहीं रहता था और वह अक्सर ग्लानि की स्थिति में रहता था। इधर थाना प्रभारी विकास कुमार यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।








