JharkhandNews: समस्तीपुर के रहने वाले राजीव कुमार की संदिग्ध हालात में मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है। बुधवार को गिरिडीह के ताराटांड थाना क्षेत्र की उसरी नदी से उनका शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या की आशंका के एंगल से जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, राजीव कुमार 12 जुलाई की रात अपने दोस्त सुनिल महतो और प्रकाश मिश्रा उर्फ आदित्य मिश्रा के फोन कॉल के बाद घर से निकले थे। इसके बाद से वह लापता थे। राजीव की पत्नी मीरा कुमारी ने पहले ही अपहरण और हत्या की आशंका जताते हुए समस्तीपुर थाने में कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
बताया जा रहा है कि 13 जुलाई को राजीव ने आखिरी बार अपने ससुर से फोन पर बात की थी, जिसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया। मामले में एक बड़ा सुराग सीसीटीवी फुटेज के रूप में मिला है, जिसे मृतक की पत्नी ने पुलिस को सौंपा है। फुटेज में आरोपी दिखाई दे रहे हैं।
फिलहाल समस्तीपुर पुलिस गिरिडीह पहुंच चुकी है और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों पर स्पष्टता आएगी।











