Jharkhand News: राज्य में कड़ाके की ठंड का प्रकोप लगातार बना हुआ है। ठंडी हवाओं और घने कोहरे ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। गुमला में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो बीते 24 घंटों में राज्य का सबसे कम तापमान रहा। वहीं पलामू में 5.7 डिग्री, बोकारो में 7.5 डिग्री और राजधानी रांची में 7.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
हालांकि न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की हल्की बढ़ोतरी देखी गई है, लेकिन बर्फीली हवाओं और कनकनी के कारण ठंड से राहत नहीं मिल रही है।
सुबह 9 बजे तक नहीं निकल रही धूप
ठंड और कोहरे का असर इस कदर है कि सुबह 9 बजे तक धूप के दर्शन नहीं हो पा रहे हैं। घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता काफी कम हो गई है। सुबह 8 बजे के आसपास सड़कों पर निकलना जोखिम भरा साबित हो रहा है, जिसके चलते सुबह के समय सड़कें भी सुनसान नजर आ रही हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड में ठंड और कोहरे की यह स्थिति अगले 7 दिनों तक बनी रह सकती है। खासतौर पर सुबह और शाम के समय लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
Read more- Hazaribagh News: नए साल के जश्न के बीच खूनी संघर्ष, एक गाने के विवाद ने ली युवक की जान
9 जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने राज्य के 9 जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, हजारीबाग, कोडरमा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां शामिल हैं।
इन जिलों में न्यूनतम तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। कोहरे के कारण विजिबिलिटी 50 से 500 मीटर के बीच रह सकती है। ऐसे में वाहन चालकों को धीमी गति से वाहन चलाने और फॉग लाइट का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले 5 दिनों तक रांची समेत राज्य के दक्षिणी हिस्सों में सर्द हवाओं का असर बना रहेगा, जिससे ठंड बरकरार रहेगी। वहीं, अगले 2 दिनों में राज्य के उत्तरी हिस्सों के कुछ जिलों में घना कोहरा छाने की संभावना है, जिसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।












