Giridih: गिरिडीह जिले में पुलिस कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने सख्त रुख अपनाया है। अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन और अनुसंधान कार्यों की समीक्षा के दौरान तीन थाना प्रभारियों की कार्यप्रणाली संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है।
जमुआ, सरिया और तिसरी थाना प्रभारियों को शोकॉज
शोकॉज नोटिस पाने वाले अधिकारियों में जमुआ थाना प्रभारी विभूति देव, सरिया थाना प्रभारी पिकू कुमार और तिसरी थाना प्रभारी शंभूनाथ ईश्वर शामिल हैं। एसपी ने तीनों अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं मिला तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
शुक्रवार को आयोजित समीक्षा बैठक में जिले के सभी एसडीपीओ, डीएसपी, इंस्पेक्टर और थाना प्रभारी मौजूद थे। बैठक में लंबित मामलों, अनुसंधान की प्रगति और अपराध नियंत्रण की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान कुछ थानों का प्रदर्शन अपेक्षित स्तर से कम पाया गया।
अपराध पर नियंत्रण रखने की सख्त हिदायत
इसी बैठक में गंभीर और संवेदनशील मामलों की जांच को गति देने के लिए स्पेशल इन्वेस्टीगेशन सेल (SIC) का भी गठन किया गया। यह सेल दो टीमों में कार्य करेगी। पहली टीम मुख्यालय में तैनात रहेगी, जबकि दूसरी टीम खोरीमहुआ क्षेत्र में सक्रिय रहेगी। किसी भी बड़ी घटना की जांच में यह टीम संबंधित थाना पुलिस की सहायता करेगी।
एसपी डॉ. विमल कुमार ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि थाने में आने वाले लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जाए और लंबित मामलों का जल्द निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने साफ कहा कि बेहतर पुलिसिंग और जवाबदेही ही जनता का भरोसा मजबूत कर सकती है।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









