World News: अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने टैरिफ विवादों के बीच एक और बड़ा अंतरराष्ट्रीय कदम उठाते हुए पाकिस्तान के साथ तेल भंडार को विकसित करने को लेकर व्यापार समझौता किया है. Trump ने इस संबंध में जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर साझा की. उन्होंने कहा कि अमेरिका और पाकिस्तान जल्द मिलकर इस परियोजना को आगे बढ़ाएंगे. साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि भविष्य में पाकिस्तान भारत को तेल निर्यात कर सकता है.
Trump का सोशल मीडिया पोस्ट
‘ट्रुथ’ पर पोस्ट करते हुए Trump ने लिखा कि
“हमने अभी-अभी पाकिस्तान के साथ एक समझौता किया है, जिसके तहत अमेरिका और पाकिस्तान मिलकर अपने विशाल तेल भंडार को विकसित करेंगे. हम जल्द ही उस तेल कंपनी का चयन करेंगे जो इस साझेदारी की अगुवाई करेगी. क्या पता, एक दिन वे भारत को भी तेल बेचें!”
भारत पर टैरिफ के ऐलान के बाद आया बयान
Trump का यह बयान ऐसे समय में आया है जब उन्होंने हाल ही में भारत पर 25% टैरिफ और रूसी सैन्य उपकरणों एवं ऊर्जा की खरीद पर अतिरिक्त जुर्माना लगाने की घोषणा की है. इस वजह से भारतीय शेयर बाजार में भी भारी गिरावट दर्ज की गई थी.
व्हाइट हाउस में व्यापार समझौतों को लेकर हलचल
Trump ने आगे बताया कि इन दिनों व्हाइट हाउस में व्यापारिक गतिविधियां जोरों पर हैं. उन्होंने कहा, “मैंने कई देशों के नेताओं से बातचीत की है और वे सभी अमेरिका को खुश देखना चाहते हैं. आज मैं दक्षिण कोरियाई व्यापार प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात करूंगा. दक्षिण कोरिया फिलहाल 25% टैरिफ के दायरे में है लेकिन वह इसे कम करने का प्रस्ताव लेकर आ रहा है. मैं यह जानने के लिए उत्साहित हूं कि उनका प्रस्ताव क्या है.”
अन्य देश भी दे रहे हैं टैरिफ में राहत के प्रस्ताव
Trump ने दावा किया कि कई अन्य देश भी अब अमेरिका को टैरिफ में छूट देने के प्रस्ताव भेज रहे हैं. इससे अमेरिका को भारी फायदा हो सकता है और व्यापार घाटा कम करने में मदद मिलेगी. उन्होंने कहा कि इस पर जल्द ही एक विस्तृत रिपोर्ट पेश की जाएगी.
‘अमेरिका को फिर से महान बनाएं‘
अपने पोस्ट के अंत में Trump ने लिखा, “इस विषय पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद. अमेरिका को फिर से महान बनाएं!”













