Garhwa: गढ़वा जिले के नगर उंटारी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ कुंबा गांव में तालाब में डूबने से दो छोटी बच्चियों की मौत हो गई। इस हादसे के बाद पतरिहा कलां गांव के हरिजन टोला में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर है।
कैसे हुआ यह दर्दनाक हादसा?
मिली जानकारी के अनुसार, पतरिहा कलां निवासी प्रियांशु कुमारी और रेशमा कुमारी मंगलवार सुबह करीब 9 बजे घर से लकड़ी चुनने के लिए बहवा पहाड़ की ओर निकली थीं। जब शाम तक दोनों वापस नहीं लौटीं, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। पूरी रात ग्रामीण और घरवाले उन्हें आसपास के जंगलों और इलाकों में ढूंढते रहे, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला।
सुबह तालाब में उतराते मिले शव
बुधवार सुबह करीब 6 बजे गांव के बच्चों ने तालाब में दो शव उतराते देखे। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों बच्चियों के शवों को बाहर निकाला गया। मौके पर पहुंची नगर उंटारी थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गर्मी बनी काल, गहरे पानी ने छीनी सांसें
ग्रामीणों के मुताबिक, मंगलवार को भीषण गर्मी थी। लकड़ी चुनते समय थकान और गर्मी से राहत पाने के लिए दोनों बच्चियां तालाब में नहाने उतरी होंगी। पानी की गहराई का अंदाजा न होने के कारण वे गहरे कुंड में समा गईं और डूबने से उनकी मौत हो गई।
प्रशासन से सुरक्षा की मांग-खूनी बन रहा है यह तालाब
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि इस तालाब में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। बार-बार हो रही मौतों के बावजूद प्रशासन ने यहां सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए हैं। एसडीपीओ सतेंद्र सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








