Garhwa: गढ़वा-मेदिनीनगर फोरलेन पर रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। हुर गांव स्थित टोल प्लाजा के पास बालू लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार मामा-भांजे की मौत हो गई। मृतकों की पहचान उदय पाल और अंकज पाल के रूप में हुई है। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
ट्रेन पकड़ने जा रहे थे दोनों युवक
परिजनों के मुताबिक, उदय पाल मजदूरी के काम से विशाखापट्टनम जाने वाला था। उसका भांजा अंकज पाल उसे ट्रेन पकड़वाने के लिए अपने ननिहाल ओबरा गांव आया था। रविवार सुबह दोनों एक ही बाइक से गढ़वा रोड रेलवे स्टेशन जा रहे थे, जहां से उदय को बनारस इंटरसिटी एक्सप्रेस पकड़नी थी।
इसी दौरान हुर गांव टोल प्लाजा के पास सामने से आ रहे बालू लदे अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि उदय पाल की मौके पर ही मौत हो गई।
अस्पताल ले जाते समय हुई दूसरी मौत
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उदय को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल अंकज को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। परिजन उसे मेदिनीनगर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया।
परिवार का इकलौता सहारा था अंकज
मृतक अंकज अपनी मां का इकलौता बेटा था। तीन साल पहले उसके पिता की मौत हो चुकी थी। वहीं उदय पाल अपने परिवार का बड़ा बेटा था और मजदूरी कर पूरे घर का खर्च चलाता था। इस हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







