Garhwa: गढ़वा जिले में शुक्रवार देर रात फोरलेन सड़क पर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। इन दर्दनाक हादसों में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और मृतकों के गांवों में मातम पसर गया।
तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को कुचला
पहली घटना बभनी गांव स्थित धर्मकांटा के पास हुई, जहां एक बाइक पर पांच युवक सवार होकर कटहर गांव जा रहे थे। बताया जा रहा है कि सभी युवक अपने दोस्त को ट्रेन पकड़ाने के बाद घूमने निकले थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और सभी युवक सड़क पर जा गिरे। घटना में चंदन उरांव, मंतोष उरांव और सोनू उरांव की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि अखलेश उरांव गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है।
वहीं दूसरी दुर्घटना जतपुरा गांव के पास हुई। यहां बाइक सवार राजू विश्वकर्मा की डिवाइडर से टकराने के बाद मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह काम से लौट रहा था और नींद आने के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई। हादसे में अतेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
लगातार हो रहे सड़क हादसों ने फोरलेन पर सुरक्षा व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण ऐसे हादसे बढ़ रहे हैं। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.












