Dhanbad: धनबाद के गोमो क्षेत्र में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती अपने प्रेमी को पुलिस हिरासत से छुड़ाने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। यह हाई वोल्टेज ड्रामा सिकलाइन इलाके में करीब डेढ़ घंटे तक चलता रहा। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
मिली जानकारी के मुताबिक युवती की पहचान देवन्ती कुमारी के रूप में हुई है, जो शाहरिया की रहने वाली बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि वह एक शादीशुदा युवक से प्रेम करती है। युवक को निमियाघाट थाना पुलिस ने किसी मामले में गिरफ्तार किया है। प्रेमी की गिरफ्तारी से नाराज होकर युवती सीधे मोबाइल टावर पर चढ़ गई।
पुलिस और ग्रामीणों ने संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही हरिहरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने लोगों को शांत रहने की अपील की। इस दौरान स्थानीय मुखिया अहमद अली समेत कई ग्रामीण युवती को समझाने में जुटे रहे, लेकिन वह काफी देर तक नीचे आने को तैयार नहीं हुई।
करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इसके बाद उसे थाने ले जाया गया और परिजनों को सूचना दी गई।
शादी की जिद पर अड़ी युवती
हरिहरपुर थाना के सब-इंस्पेक्टर दयचंद हांसदा ने बताया कि युवती अपने प्रेमी को बुलाने और उससे शादी कराने की मांग कर रही थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों के आने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।







