Koderma: कोडरमा जिले के झुमरी तिलैया स्थित इंद्रपुरी मोहल्ले में शनिवार शाम बड़ा हादसा हो गया। घर की दूसरी मंजिल से गिरकर चार और छह साल की दो बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनकी पहचान टुकटुक (4) और कल्याणी (6) के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए रांची रेफर कर दिया।
दुर्गा पूजा की छुट्टियां बिताने अपनी मां के साथ आई थी बच्चियां
जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चियां दुर्गा पूजा की छुट्टियां बिताने अपनी मां के साथ झुमरी तिलैया आई थीं। वे इंद्रपुरी मोहल्ले में अपने नाना मुकेश रविदास के घर रह रही थीं। शनिवार को उनकी मां और नानी खरीदारी के लिए बाजार गई थीं। इसी दौरान दोनों बच्चियां घर की छत पर मोहल्ले के अन्य बच्चों के साथ खेल रही थीं।
छत पर सुरक्षा के लिए घेराबंदी नहीं थी
बताया गया कि छत पर सुरक्षा के लिए घेराबंदी नहीं थी। खेलते समय दोनों बच्चियां संतुलन खो बैठीं और दूसरी मंजिल से नीचे पक्की सड़क पर गिर गईं। हादसे के बाद आसपास मौजूद बच्चों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल बच्चियों को तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग परेशान हो गए।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









