पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में STF (स्पेशल टास्क फोर्स) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जमात उल मुजाहिद्दीन बांग्लादेश (जेएमबी) से जुड़े दो आतंकियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अजमल हुसैन (28) और साहेब अली खान (28) के रूप में हुई है. अजमल नलहाटी का निवासी है जबकि साहेब मुरारई इलाके में रहता है.
सूत्रों के अनुसार, अजमल पहले बांग्लादेश में घुसने की कोशिश कर चुका था और वहां वह जिहादी गतिविधियों में शामिल था. वह अपने साथियों के साथ मिलकर विस्फोटक और हथियार बनाने की योजना में जुटा था. बताया जा रहा है कि इनका मकसद ‘गजातुल हिंद’ नामक कट्टर विचारधारा को भारत में फैलाना था.
STF प्रभारी इंद्रजीत बसु ने बताया कि अजमल और साहेब का संपर्क विदेश में सक्रिय भारत विरोधी ताकतों से भी था और उनके आर्थिक लेन-देन के सबूत भी मिले हैं. दोनों आतंकियों को गुरुवार देर रात जिले के नलहाटी और मुरारई थाना क्षेत्रों से गुप्त सूचना के आधार पर पकड़ा गया.
वहीं, दोनों आरोपियों को शुक्रवार को रामपुरहाट महकमा अदालत में पेश किया गया. पुलिस ने बताया कि इनका मकसद मुस्लिम युवकों को कट्टरपंथ की राह पर ले जाकर देश विरोधी गतिविधियों के लिए तैयार करना था. वे राज्य के कई हिस्सों में युवाओं को धर्म के नाम पर भड़काकर भारत के खिलाफ एक बड़ी साजिश की योजना बना रहे थे.













