रांची: राजधानी रांची के तुपुदाना ओपी क्षेत्र अंतर्गत वास्तु विहार कैंपस में मंगलवार रात अफीम तस्करी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों युवक कथित रूप से 1.7 किलोग्राम गादा अफीम के साथ ग्राहक का इंतजार कर रहे थे।
गुप्त सूचना के आधार पर धुर्वा पुलिस ने 16 जुलाई की देर रात करीब 11:20 बजे छापेमारी की। सूचना मिलने पर मामला दर्ज कर पुलिस उपाधीक्षक हटिया, प्रमोद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। टीम में तुपुदाना ओपी प्रभारी, सब-इंस्पेक्टर योगेन्द्र प्रसाद और सशस्त्र बल शामिल थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
टीम ने छापेमारी के दौरान वास्तु विहार कैंपस के मुख्य द्वार से लगभग 100 मीटर अंदर KTM मोटरसाइकिल पर बैठे दो युवकों को देखा। पुलिस वाहन देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन सतर्क बल ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कैलाश मुंडा (31 वर्ष), निवासी बंधटोली, तोरपा, जिला खूँटी और सुगना मुंडा (18 वर्ष), निवासी मुरही, केन्दुआ टोली, खूँटी के रूप में हुई है।
read more- विधायक कल्पना सोरेन ने की समीक्षा बैठक, कहा – जनसमस्याओं का होगा समयबद्ध समाधान
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अफीम खूँटी से लाकर बेचने की तैयारी में थे और ग्राहक के इंतजार में थे। फिलहाल पुलिस ने NDPS एक्ट की धारा 18(c)/22(c)/25 के तहत धुर्वा थाना में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद अफीम और वाहन को जब्त कर लिया गया है और दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है।













