Jharkhand News: केंद्रीय कानून एवं संसदीय कार्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल रविवार, 6 जुलाई को एक दिवसीय दौरे पर झारखंड आ रहे हैं. वे सुबह नई दिल्ली से रांची पहुंचेंगे और वहां से सीधे हेलीकॉप्टर द्वारा धनबाद रवाना होंगे. इस दौरे में उनके साथ रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची के सांसद संजय सेठ भी मौजूद रहेंगे.
धनबाद में मारवाड़ी सम्मेलन में लेंगे हिस्सा
केंद्रीय मंत्री धनबाद में आयोजित झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के अधिवेशन में भाग लेंगे. इस आयोजन के बाद वे रांची लौटेंगे, जहां उनके स्वागत के लिए भव्य नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा.
रांची में नागरिक अभिनंदन और अधिवक्ताओं को लाइसेंस वितरण
रांची के होटल रामदा में होने वाले इस कार्यक्रम का आयोजन झारखंड स्टेट बार काउंसिल, अधिवक्ता परिषद, चेंबर ऑफ कॉमर्स, मारवाड़ी युवा मंच समेत कई सामाजिक संगठनों द्वारा किया जा रहा है. कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नए अधिवक्ताओं को लाइसेंस और मेडिकल सहायता के लिए चेक प्रदान करेंगे. झारखंड भर से बड़ी संख्या में वकील इस आयोजन में शामिल होने वाले हैं.
नागरिक संवाद सत्र का भी आयोजन
इस समारोह के दौरान एक विशेष सत्र का आयोजन किया जाएगा, जिसमें नागरिक, अधिवक्ता और सामाजिक प्रतिनिधि केंद्रीय मंत्री से सीधे संवाद करेंगे. वे विभिन्न सामाजिक और कानूनी मुद्दों पर अपनी जिज्ञासाएं रख सकेंगे, जिनका समाधान मौके पर ही किया जाएगा.
read more- ‘युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रही है सरकार’ – बाबूलाल मरांडी का हेमंत सरकार पर सीधा आरोप
कार्यक्रम की तैयारियां पूरी, कई गणमान्य रहेंगे शामिल
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने जानकारी दी कि रांची में होने वाला यह अभिनंदन समारोह ऐतिहासिक होगा और इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. आयोजन को सफल बनाने में पूर्व राज्यसभा सांसद अजय मारू, विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष चंद्रकांत रायपत, व्यवसायी पवन बजाज, अधिवक्ता परिषद के अध्यक्ष राजेंद्र मिश्र, बार काउंसिल के सदस्य राजेंद्र कृष्ण और मुकेश सहित कई प्रमुख लोग जुटे हुए हैं.













