Chatra: चतरा के टंडवा थाना क्षेत्र में आदिवासी महिला से कथित दुष्कर्म के आरोप के बाद जमकर बवाल हुआ। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर उसके साथ मारपीट की और एक मकान में बंधक बना लिया। स्थिति संभालने पहुंची पुलिस टीम पर भीड़ ने पथराव कर दिया। इस हमले में टंडवा थाना प्रभारी पप्पू शर्मा समेत कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने हवाई फायरिंग की।
ग्रामीणों ने आरोपी को एक मकान में बंद कर दिया
मामला टंडवा थाना क्षेत्र के बड़गांव पंचायत स्थित सिदपा गांव का है। जानकारी के मुताबिक, कामता गांव निवासी शहबाज अंसारी को ग्रामीणों ने एक आदिवासी महिला के साथ कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया।
इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी को एक मकान में बंद कर दिया। मौके पर देखते ही देखते भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीण मकान की एस्बेस्टस की छत तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश करने लगे।
उग्र ग्रामीणो ने पुलिस पर किया पथराव
घटना की सूचना मिलने के बाद टंडवा थाना प्रभारी पप्पू शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी और महिला को भीड़ के कब्जे से निकालने की कोशिश की। इसी दौरान भीड़ उग्र हो गई और पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया।
पथराव में थाना प्रभारी पप्पू शर्मा के सिर पर पत्थर लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हवाई फायरिंग की। इसके बाद पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर मौके से बाहर निकालने में सफल रही।
थाना प्रभारी संजीवनी अस्पताल में भर्ती
घायल थाना प्रभारी को इलाज के लिए एनटीपीसी के संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए चतरा एसपी समेत वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।
वहीं, महिला से जुड़े दुष्कर्म के आरोपों की पुलिस कानूनी और वैज्ञानिक तरीके से जांच कर रही है। आरोपी के साथ मौके से फरार हुए दो अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
पुलिस पर हमला करने वाले लोगों की पहचान जारी
पुलिस टीम पर पथराव करने और कानून हाथ में लेने वाले लोगों की भी पहचान की जा रही है। घटना के बाद सिदपा गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
फिलहाल गांव में तनाव का माहौल है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और कानून अपने हाथ में नहीं लेने की अपील की है।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









