Ranchi: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान के विरोध में आज रांची स्थित कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने भाजपा के नेता और कार्यकर्ता पहुंचे। इस दौरान भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर दिए गए बयान पर कड़ी आपत्ति जताई। निंदा करते हुए उन्होंने मल्लिकार्जुन खड़गे से माफी मांगने की मांग की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी इस मुद्दे पर लगातार विरोध प्रदर्शन करेगी।
चंदा चोर सरकार का लगा नारा
वही दूसरी तरफ विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता भी डटे रहे। कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन करते नजर आए। उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उसे चंदा चोर सरकार बताया और सत्ता से बाहर करने की मांग की।
इस तरह बयान को लेकर रांची में भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता घंटों आमने-सामने नजर आए। दोनों ही पार्टियों की ओर से विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी की गई।
सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने कांग्रेस कार्यालय के आसपास बैरिकेडिंग की थी। मौके पर लॉ एंड ऑर्डर और सिटी डीएसपी के साथ कोतवाली तथा लोअर बाजार थाना प्रभारी मौजूद रहे। किसी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल के साथ महिला पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया था।
पुलिस की मौजूदगी में दोनों दलों का प्रदर्शन जारी रहा। पूरे घटनाक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









