US Iran Ceasefire : पिछले 40 दिनों से अमेरिका और ईरान के बीच जारी भीषण युद्ध पर आखिरकार विराम लग गया है। दोनों देश 14 दिनों (2 हफ्ते) के सीजफायर पर सहमत हो गए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने इस ऐतिहासिक फैसले का श्रेय पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और वहां के आर्मी चीफ की अपील को दिया है।
US Iran Ceasefire: ट्रम्प ने दी थी ईरानी सभ्यता खत्म करने की धमकी
सीजफायर से ठीक पहले ट्रम्प ने ईरान को ‘पूरी सभ्यता खत्म’ करने की चेतावनी दी थी। हालांकि, न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार, पाकिस्तान की मध्यस्थता और चीन के आखिरी वक्त में दखल देने से यह डील मुमकिन हुई। समझौते के मुताबिक, अमेरिका और इजराइल अपने हमले रोकेंगे, वहीं ईरान होर्मुज स्ट्रेट से तेल और गैस जहाजों को सुरक्षित रास्ता देगा।
US Iran Ceasefire: 10 अप्रैल को इस्लामाबाद में दोनों देशों निर्णायक बैठक
शांति की अगली कड़ी के रूप में 10 अप्रैल को इस्लामाबाद में दोनों देशों के बीच औपचारिक बातचीत होगी। ईरान ने अमेरिका को 10 सूत्रीय प्रस्ताव भेजा है, जिसे ट्रम्प ने चर्चा के योग्य बताया है। दूसरी ओर, ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल ने इसे अपनी शर्तों पर हुई ‘बड़ी जीत’ घोषित किया है।
US Iran Ceasefire: भारतीयों को ईरान छोड़ने की एडवाइजरी
तनाव के बीच भारत सरकार ने ईरान में रह रहे अपने नागरिकों के लिए सख्त एडवाइजरी जारी की है। तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने नागरिकों को तुरंत देश छोड़ने और बिना संपर्क किए अंतरराष्ट्रीय सीमा की ओर न जाने की सलाह दी है।













