Jharkhand News: जिला परिवहन विभाग, रांची द्वारा लालगुटवा और पंडरा क्षेत्रों में शुक्रवार को विशेष वाहन जाँच अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार और मोटरयान निरीक्षक, रांची ने संयुक्त रूप से किया।
अभियान के दौरान कुल 256 वाहनों की गहन जांच की गई, जिसमें प्रेशर हॉर्न, काला शीशा, पथकर, फिटनेस सर्टिफिकेट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र, परमिट, ओवरलोडिंग और ड्राइविंग लाइसेंस जैसे दस्तावेजों और नियमों की जांच शामिल थी।
37 वाहन नियमों के उल्लंघन में पाए गए, 6 वाहन जब्त
जांच के दौरान 37 वाहन नियमों का उल्लंघन करते पाए गए, जिनमें मुख्य रूप से अपूर्ण दस्तावेज और ओवरलोडिंग शामिल रहे। इन पर तुरंत कार्रवाई करते हुए ₹5,22,750 का जुर्माना वसूला गया।
इसके अलावा, नियमों के गंभीर उल्लंघन के चलते 6 वाहनों को जब्त कर पंडरा ओपी में सुरक्षित रखा गया है।
“सड़क सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है” – परिवहन पदाधिकारी
जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार ने अभियान के दौरान कहा “हमारा उद्देश्य सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देना और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना है। इस तरह के अभियान न केवल नियमों का उल्लंघन रोकते हैं, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करते हैं।”
उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने सभी दस्तावेज समय पर अपडेट रखें और यातायात नियमों का पालन करें।
अभियान जारी रहेगा
यह विशेष जांच अभियान सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम है। जिला परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे, जिससे रांची की सड़कों को और अधिक सुरक्षित बनाया जा सके।













